Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.अभिनेता विवेक ओबरॉय इंडस्ट्री में अपने अभिनय से ज्यादा झगड़ों को लेकर चर्चित रहे हैं। इस कारण उनका करियर उस रफ्तार से आगे नहीं बढ़ पाया जिस तरह फिल्मी पंडितों को उम्मीद थी। कभी ऐश्वर्या राय से अफेयर बारे खुलेआम मीडिया में बयानबाजी तो कभी सलमान खान से पंगा, इन हरकतों ने उनके करियर को नुकसान ही पहुंचाया है लेकिन अब विवेक ने सुधरने का फैसला कर लिया है। तभी तो पहले उन्होंने ऐश्वर्या की दादी सास तेजी बच्चन के संस्कार में जाकर बच्चन परिवार से अपने संबंध सुधारे और अब वह सलमान खान से झगड़ा खत्म करने की राह पर चल निकले हैं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलकर ऐश्वर्या, अभिषेक और सलमान से अपने रिश्तों के बारे में बातचीत की और कहा कि अब वह वाकई बदल गए हैं। विवेक ने कहा, ‘मेरी जिंदगी में पिछले कुछ समय में जो भी हुआ है, उसने मुझे बदलने पर मजबूर कर दिया है। मैंने उन लोगों से माफी मांगी जिनसे मुझे बहुत समय पहले माफी मांग लेनी चाहिए थी। जहां तक ऐश की बात है तो अब मैं बीते वक्त को भूल चुका हूं। अब उसकी शादी हो गई है और उसकी बहुत इज्जत करता हूं।’जब विवेक से पूछा गया कि उन्होंने सलमान खान से माफी मांगी थी, उन्होंने कहा कि हां उन्होंने सबके सामने सल्लू मियां से माफी मांगी थी।
विवेक का कहना है कि उन्होंने सबके सामने ऐसा इसलिए किया था कि क्योंकि इससे पहले टीवी पर सलमान के खिलाफ बोलकर वह एक बहुत बड़ी गलती कर चुके थे। उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले मीडिया के सामने विवेक ने सलमान पर उन्हें फोन पर धमकियां देने के आरोप लगाए थे। हालांकि अभी यह पक्का नहीं है कि सलमान विवेक को माफ कर चुके हैं या नहीं लेकिन विवेक को पूरी उम्मीद है कि आज नहीं तो कल सल्लू मियां उन्हें जरूर माफ कर देंगे।
यह पूछे जाने पर कि बैंकॉक में आइफा अवॉर्डस के दौरान उनकी परफॉर्मैस की अभिषेक बच्चन ने तारीफ की थी, उन्होंने कहा, ‘हां, अभि का व्यवहार काफी अच्छा था। यहां तक कि अमित जी ने भी मेरा काफी हौंसला बढ़ाया।’ विवेक ने इन खबरों को भी बेबुनियाद बताया कि उनकी वजह से कभी संजय दत्त और मान्यता के बीच दरार पड़ने वाली थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अपने करियर की ओर ध्यान देना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि सलमान उन्हें माफ कर दें।