bhaskar Web English
HomeSportsOther Sports Other Sports

कौन बनेगा यूरो चैंपियन, फैसला आज

विएना.यूरो कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में स्पेन और जर्मनी विएना के अर्नस्ट हैपल स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत से ही स्पेन और जर्मनी की टीमें खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं।

ऐसे में खिताबी मुकाबले के रोमांचक होने की उम्मीद है। जर्मनी ने अब तक तीन बार (1972, 1980 और 1996 में) इस टूर्नामेंट को जीता है, वहीं स्पेन की टीम सिर्फ 1964 में ही यूरो कप जीत सकी है। इसके बावजूद स्पेन को कमजोर आंकना गलती होगी।

मिडफील्ड में होगी भिड़ंत : यूरो कप की खिताबी भिड़ंत में मिडफील्ड में जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद है। खिताबी मुकाबले में स्पेन की टीम के पांच मिडफील्डर्स के साथ उतरने की संभावना है। मिडफील्ड में एक तरफ स्पेन के तेजतर्रार फेब्रेगास हैं, तो दूसरी ओर जर्मनी के कप्तान माइकल बलाक। ऐसे में मिडफील्ड में मुकाबला बलाक की ताकत और फेब्रेगास के जादुई खेल के बीच है।

अगर बलाक और उनके साथी टोर्सटेन फ्रिग्स और थामस हित्जस्पर्गर शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब रहे तो जर्मनी की बादशाहत का परचम एक बार फिर से लहरा सकता है। दूसरी ओर स्पेन की फेब्रेगास, जावी और आंद्रेस की तिकड़ी पासा पलटने में सक्षम है।

पोडोलस्की भी घातक : मिडफील्ड में जर्मनी के बास्टिन श्वेनस्टेगर और लूकास पोडोलस्की की जोड़ी भी स्पेन के लिए घातक साबित हो सकती है। रूस के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली जीत से स्पेन के हौसले बुलंद हैं। फेब्रेगास अकेले जर्मनी की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सक्षम हैं। अगर जर्मनी को चौथी बार खिताब जीतना है तो उसे फेब्रेगास पर लगाम लगानी होगी। टर्की से हुए सेमीफाइनल में बलाक रंग में नहीं दिखे। स्पेन से फाइनल मुकाबला जीतने के लिए जर्मन की टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।

बलाक के खेलने पर संदेह

जर्मनी के कप्तान माइकल बलाक यूरो कप 2008 में स्पेन के खिलाफ फाइनल मुकाबला शायद ही खेल पाएं। जर्मन फुटबॉल एसोसिएशन की वेबसाइट ने बलाक की दरई पिंडली में चोट का हवाला देते हुए फाइनल में उनके खेलने पर संदेह जताया है। चोट की वजह से बलाक टीम के अभ्यास सत्र में भी भाग नहीं ले सके हैं। वेबसाइट के अनुसार, फाइनल में बलाक के खेलने या न खेलने के बारे में मैच के 24 घंटे पहले तक कुछ कह पाना मुमकिन नहीं है। बलाक 2002 के विश्व कप का फाइनल मैच भी निलंबन के कारण नहीं खेल पाए थे।

मनोवैज्ञानिक फायदा :

स्पेन ने 1964 में यूरो कप जीतने के बाद कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं जीता है। ऐसे में जर्मनी को बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल मैच खेलने की अपनी आदत का मनोवैज्ञानिक लाभ मिल सकता है।

आयोजक देश - ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड

टूर्नामेंट की समयावधि- 7 जून से 29 जून

स्थान - ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड के चार-चार स्थानों पर मैच कराए गए।

ऑस्ट्रिया के शहर- विएना, क्लेनफर्ट, साल्जबर्ग, इंसब्रक। स्विट्जरलैंड के शहर- बासेल, बर्न, जेनेवा, ज्यूरिख

कुल मैच हुए- 30

कुल टीमें- 16

अब तक कुल गोल-

76 (प्रति मैच 2.53 गोल)।

कुल दर्शक - 1,089,474 (प्रति मैच 36,316 दर्शक)।

टॉप स्कोरर - डेविड विला (स्पेन)- चार गोल।

लाल कार्ड - 4

पीले कार्ड - 20

सबसे अधिक पीले कार्ड - टर्की (पांच खिलाड़ी)

मस्कट- ट्रिक्स और फ्लिक्स

आधिकारिक गीत - कैन यू हियर मी

फाइनल मैच - अर्नस्ट हैपल स्टेडियम, वियेना

यूरो कप की ट्रॉफी - हेनरी डेलूनॉय ट्रॉफी

रेफरियों की संख्या - 12 2008 में पहली बार शामिल- पोलैंड और ऑस्ट्रिया। सबसे अधिक गोल- स्पेन (11)

सबसे युवा टीम- रूस (औसत उम्र 26.07 साल)

कुल इनामी राशि- 1214.40 करोड़ रुपए

विजेता को - 495 करोड़ रुपए

उपविजेता को - 297 करोड़ रुपए

सेमीफाइनल खेलने वाली टीम- 198 करोड़ रुपए

क्वार्टर फाइनल खेलने वाली टीम-132 करोड़ रुपए। लीग चरण में जीत दर्ज करने पर- 6.60 करोड़ रुपए। यूरो कप 2008 में जर्मनी का अब तक का सफर लीग चरण-

जर्मनी 2 - 0 पोलैंड। क्रोएशिया 2 - 1 जर्मनी

जर्मनी 1 - 0 ऑस्ट्रिया

क्वार्टर फाइनल- जर्मनी 3 - 2 पुर्तगाल

सेमीफाइनल- जर्मनी 3 - 2 टर्की

यूरो कप 2008 में स्पेन का अब तक का सफर

लीग चरण-

स्पेन 4 -1 रूस। स्पेन 2-1 स्वीडन

स्पेन 2-1 ग्रीस

क्वार्टर फाइनल- स्पेन 4-2 इटली

सेमीफाइनल- स्पेन 3-0 रूस

‘हम किसी भी टीम को कड़ी टक्कर देने में सक्षम हैं। विशेषकर तब, जबकि हम लय और गति के साथ खेल रहे हों।’

-लुई अरागोनेस, कोच, स्पेन

‘स्पेन की टीम में काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर डेविड विला के फाइनल में नहीं खेलने के बावजूद मुझे नहीं लगता कि इससे टीम को परेशानी होगी।’

-जावी अलोंसो, मिडफील्डर, स्पेन





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: