नई दिल्ली.
अमेरिका में हुए 9/11 के आतंकी हमले से एक दशक पहले ऐसी ही साजिश भारत के खिलाफ रची गई थी। इसके लिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने पंजाब के आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा के एक आतंकी से संपर्क किया था। यह सनसनीखेज खुलासा रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व अधिकारी ने अपनी किताब में किया है।
रॉ से अतिरिक्त सचिव के पद से रिटायर हुए बी रमन ने बताया कि 1990 में गिरफ्तार बब्बर खालसा के एक आतंकी ने पूछताछ में यह स्वीकार किया था कि आईएसआई ने उसे मुंबई के फ्लाइंग क्लब में शामिल होने और फिर विमान से बॉम्बे हाई ऑयल प्लेटफॉर्म को उड़ा देने के लिए कहा था।
चिंता भी :
रमन ने भारत में तेजी से बढ़ रही एअरलाइंस को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कापरेरेट और अमीरों के पास प्रायवेट विमानों की बढ़ती संख्या दोहरी चिंता का कारण है। एक तो इससे पायलटों की संख्या पर असर पड़ रहा है तो दूसरी ओर इन्हें आतंकियों से बचाना भी जरूरी है। उन्होंने विदेशी पायलटों की नियुक्ति से पहले उनकी पृष्ठभूमि और संपर्क सूत्रों के बारे में गहरी छानबीन की जरूरत बताई है, ताकि आतंकी संगठन अपने फायदे के लिए उनका इस्तेमाल न कर सकें।