News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायपुर. राज्य में ओपन स्कूल 1 जुलाई से अस्तित्व में आ जाएंगे। यहां 14 साल से ऊपर के बच्चों को 10वीं, 12वीं में प्रवेश दिया जाएगा। राज्यभर में 152 स्कूल खोले जा रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपसचिव आईआर देहारी ने बताया कि पंजीयन की सुविधा ब्लाक, तहसील व जिले के 152 सरकारी हाईस्कूलों में 1 जुलाई से ही शुरू हो रही है। प्रवेश विवरणिका व प्रवेश फार्म की प्रतियां 100 रुपए में उपलब्ध होंगी। राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रमाणित उम्र का प्रमाणपत्र मान्य होगा।
दसवीं में प्रवेश के लिए शैक्षणिक योग्यता का कोई बंधन नहीं है। उन्होंने बताया कि दो सत्र नवंबर-दिसंबर एवं मई-जून में परीक्षाएं होंगी। विद्यार्थियों को पांच साल में पास होने के 9 मौके दिए जाएंगे।
संस्था की क्रेडिट योजना के अंतर्गत अन्य मान्यता प्राप्त मंडलों व अन्य राज्य ओपन स्कूल के फेलिअर छात्रों को भी परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। परीक्षा शुल्क एक बार प्रवेश के लिए आवेदन जमा करते समय ही देना होगा। अगली परीक्षा में शामिल होने 50 रुपए प्रति विषय की दर से शुल्क लगेगा। अजा-अजजा विकलांग छात्र व 21 साल से ज्यादा आयु की महिलाओं को 25 फीसदी तक शुल्क की छूट मिलेगी।
सीएम करेंगे आगाज
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह माध्यमिक शिक्षा मंडल के दफ्तर में 1 जुलाई को स्कूल का उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री अजय चंद्राकर करेंगे। विशिष्ट अतिथि मंत्रीगण बृजमोहन अग्रवाल, डा.कृष्णमूर्ति बांधी, राजेश मूणत, संसदीय सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास-स्कूल शिक्षा डा. त्रिविक्रम भोई होंगे।
ये हैं खासियत
>> दो उत्तीर्ण विषयों के अंकों की क्रेडिट दी जाएगी।
>> अंग्रेजी, गणित व विज्ञान अनिवार्य नहीं है।
>> अन्य बोर्ड-ओपन स्कूल के फेल छात्रों को दो उत्तीर्ण वाले विषय की क्रेडिट सुविधा
>> पंजीयन-परीक्षा शुल्क जमा करने बैंक ड्राफ्ट बनाने की आवश्यकता नहीं।
>> अध्ययन केंद्र पर रसीद प्राप्त कर नगद राशि से जमा करने की सुविधा।