News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur जशपुरनगर.
महंगाई के लिए कांग्रेसनीत यूपीए सरकार जिम्मेदार है। केंद्र सरकार का इस पर अंकुश नहीं है। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजनाथ सिंह ने अविरल विकास यात्रा के समापन अवसर पर रणजीता स्टेडियम में हुए समारोह में बरसते पानी के बीच कहीं।
उन्होंने कहा कि केंद्र में जब एनडीए सरकार ने परमाणु परीक्षण किया था, तब अमेरिका सहित विश्व के कई देशों ने भारत पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। तब भी महंगाई बढ़ी थी, पर तत्कालीन केंद्र सरकार ने जनता का ध्यान रखते हुए महंगाई को नियंत्रित किया था। आज की बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र की यूपीए सरकार जिम्मेदार है। विकास के बारे में उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एजेंसी का यह कहना है कि छत्तीसगढ़ का विकास बेजोड़ है।
प्रदेश सरकार ने राज्य में साढ़े 4 साल में विकास की गंगा बहा दी। अपने कार्यकाल की तुलना करते हुए उन्होंने डा. रमन सिंह को अपने से आगे बताते हुए कहा कि आज के जश्न का कोई दूल्हा है तो वे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह हैं।
छग की योजनाओं की अन्य राज्यों में मांग
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की 3 रुपए किलो चावल योजना व 25 पैसे प्रति किलो में नमक जैसी योजना ने आज अन्य राज्यों की जनता में यह मांग पैदा कर दी है कि ऐसी योजना हमारे राज्यों में कब चालू होगी। आज 3 रुपए किलो चावल योजना छत्तीसगढ़ की पहचान बन चुकी है। इससे पहले विशाल जन समूह को देखते हुए उन्होंने रमन सिंह से पहले स्वयं सभा को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि आने वाले चुनावों में केंद्र व प्रदेश में भाजपा को सरकार बनाने का मौका दें।
इस अवसर पर डा. रमन सिंह ने जशपुर जिले में लगभग 40 से अधिक विकास कार्य का लोकार्पण व शिलान्यास कर जशपुरवासियों को 56 करोड़ से अधिक के विकास कार्य की सौगात दी। सभा में डा. रमन सिंह ने कहा जनता के सहयोग से प्रदेश का विकास व राज्य का कायाकल्प हमारा संकल्प है।
आदिवासियों, अनुसूचित जातियों, पिछड़े व कमजोर तबकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने व सामाजिक समरसता की भावना से छत्तीसगढ़ को देश का आदर्श राज्य बनाने भी हमारा लक्ष्य है। यह सरकार के साथ साथ जनता का भी संकल्प है।
विकास यात्रा में उमड़ते जन सैलाब से विकास के लिए जनता की उत्साहजनक भावनाओं को भी अभिव्यक्ति मिल रही है। अपने संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार ने किसानों की बेहतरी के साथ शिक्षा, रोजगार, कृषि उत्पादन व औद्योगिक विकास की दिशा में भी सार्थक प्रयास किया। लोकतंत्र में जनता की बेहतर सेवाएं देने किसी भी निर्वाचित सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, जिसका पालन छत्तीसगढ़ सरकार गंभीरता के साथ कर रही है। सभा को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
इस दौरान उनके साथ आदिम जाति कल्याण मंत्री गणोशराम भगत, स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल, गृहमंत्री रामविचार नेताम, सांसद नंदकुमार साय, सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, सांसद दिलीप सिंह जूदेव, सांसद करुणा शुक्ला, विधानसभाध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, बिहार के सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक राजशरण भगत, भरत साय, वन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, डा. कृष्णमूर्ति बांधी, मेघाराम साहू, राजेश मूणत, केदार कश्यप, राजशरण भगत, सत्यानंद राठिया, ननकी राम कंवर, धरमलाल कौशिक व अन्य उपस्थित थे।
इससे पहले छठवें व अंतिम चरण में प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के जशपुर सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने जम कर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मोटर साइकिल रैली भी निकाली। विकास यात्रा के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पत्नी श्रीमती वीणा सिंह के साथ सभास्थल पर पहुंचे थे।
बगीचा व कुनकुरी को नगर पंचायत की सौगात
अंबिकापुर से बतौली होते हुए मुख्यमंत्री का काफिला साढ़े 12 बजे बगीचा पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री ने नगरवासियों की बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा करते हुए बगीचा को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। यहां श्री सिंह ने लगभग 29 करोड़ के कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके बाद कुनकुरी में हुई सभा में सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय की मांग पर कुनकुरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। यहां भी बारिश के बावजूद सीएम की एक झलक पाने लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।