HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

बसों के पहिए आधी रात थमेंगे

रायपुर. पेट्रोल-डीजल महंगा होने के बाद किराया डेढ़ गुना करने की मांग पर अड़े बस आपरेटर सोमवार को रात 12 बजे से गाड़ियों के चक्के जाम कर देंगे। परिवहन मंत्री हेमचंद यादव से वार्ता विफल होने के बाद बस वालों ने राज्यस्तरीय बंद की तैयारी कर ली है।

राजधानी बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद दुबे ने बताया कि सोमवार को रात 12 बजे के बाद एक भी बस नहीं चलेगी। रायपुर-बिलासपुर, जगदलपुर, सराईपाली और बलौदाबाजार जैसे मुख्य मार्ग पर चलने वाली गाड़ियों के साथ-साथ छोटे कस्बों और गांव के मध्य चलने वाली छोटी रूट की बसें भी बंद हो जाएंगी। इसके लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार रहेगी।

बस मालिकों ने कई बार अल्टीमेटम देकर सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया। एसोसिएशन के सचिव भावेश दुबे ने कहा कि किराया बढ़ाना मजबूरी है। ज्यादातर बस मालिकों ने कर्ज में गाड़ियां ली हैं। हालात ऐसे हैं कि मूलधन तो दूर, ब्याज तक अदा करना मुश्किल हो गया है।

रविवार को बस मालिकों की बैठक हुई। नए बस स्टैंड में आयोजित बैठक में राज्य के कई जिलों के बस मालिक पहुंचे थे। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मौजूदा किराये में 50 फीसदी बढ़ोतरी होने के बाद ही बसें चलेंगी। इतना ही नहीं बस मालिकों ने किराये को लेकर स्थायी नीति बनाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि बस किराये का गणित पेट्रोल और डीजल की कीमतों के हिसाब से तय करना चाहिए।

ये रूट प्रभावित होंगे
बस मालिकों की हड़ताल होने की दशा में रायपुर-जगदलपुर, रायपुर-सराईपाली और रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होगा। हड़ताल के मद्देनजर शासन की ओर से वैकल्पिक इंतजाम अब तक नहीं किए गए है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: