News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
पं. जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कालेज के जूनियर डाक्टरों ने रविवार को आंबेडकर अस्पताल परिसर में ओपीडी लगाकर 100 से ज्यादा मरीजों का परीक्षण किया। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जूनियर डाक्टर वार्डो से गायब थे। इस दौरान तबियत बिगड़ने पर वार्ड में भर्ती मरीजों ने जूडो की ओपीडी में जांच कराई।
आंबेडकर अस्पताल में ओपीडी रविवार को बंद रहती है। मरीजों की तकलीफ को ध्यान में रखते हुए जूडो ने आज भी ओपीडी चलाई थी। स्वास्थ्य विभाग के जानकारों ने बताया कि एक-दो दिनों में जूडो हड़ताल का फैसला हो जाएगा। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सोमवार को विकास यात्रा से राजधानी लौट जाएंगे। ऐसे आसार हैं कि उनके आते ही जूडो के स्टाइपंड का गतिरोध खत्म हो जाएगा। स्टाइपंड बढ़ाने का प्रस्ताव अभी वित्त विभाग में लंबित है।
दूसरी ओर बिलासपुर मेडिकल कालेज सिम्स के चिकित्सा छात्रों ने जूडो हड़ताल का अपना समर्थन दिया है। छात्रों के बुलावे पर जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. नरेंद्र नरसिंग रविवार को एक प्रतिनिधि मंडल के साथ बिलासपुर गए। यहां बताना लाजमी है कि जूडो स्टायपंड के साथ-साथ चिकित्सा छात्रों को मिलने वाले मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर 10 दिनों से आंबेडकर अस्पताल में जूडो की हड़ताल चल रही है।
जूनियर डाक्टर केवल इमरजेंसी सेवाएं दे रहे हैं। जूडो हड़ताल के कारण मरीजों का बुरा हाल है। जब तक जूडो ड्यूटी पर रहते हैं, तब तक ही उनकी देखभाल होती है। रविवार को अवकाश के दिन तो कई सीनियर डाक्टरों ने आंबेडकर अस्पताल में झांका तक नहीं। सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक मरीजों का इलाज और देखभाल नर्र्सो और वार्ड ब्वाय ने की।