जोधपुर.
दिन भर की गर्मी व उमस के बाद रविवार शाम शहर में मानसून की पहली बरसात हुई। आधा घंटे तक हुई मूसलाधार ने पिछले एक पखवाड़े से तप रहे शहरवासियों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई।
दिन भर आसमान में तैर रहे छिट-पुट बादलों की आवाजाही के बीच कभी तेज धूप तो कभी छांव के बीच पूरे दिन उमस व चिपचिपाहट का बोलबाला रहा। शाम करीब पांच बजे तेज धूलभरी आंधी चली और साढ़े छह बजे के बाद ठंडी हवा के झौंकों के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी। बाद में रात नौ बजे शुरू हुई तेज बरसात से मौसम खुशगवार हो गया।
लगभग एक पखवाड़े के बाद सूर्यनगरी में हुई बरसात के साथ ही शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया तथा शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। बरसात के साथ ही सड़कों ने नहरों का रूप ले लिया।
बारिश शुरू और बिजली गुल
बरसात शुरू होते ही डिस्कॉम के अधिकारियों ने परंपरागत रूप से रविवार को भी बिजली गुल कर दी जिससे सड़कों पर अंधेरा छा गया। गत बरसात में शहर की अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं। कहीं छोटे तो कहीं बड़े गड्ढ़े पड़ गए थे जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया। रविवार रात को अंधरे में कई वाहन चालक इन क्षतिग्रस्त सड़कों व गड्ढ़ों से अपने आप को बचा नहीं सके व उनके वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
दिन भर रही तेज धूप, गर्मी व उमस
शाम को बरसात होने के पहले रविवार को छुट्टी होने के बावजूद गर्मी व उमस के कारण लोग दिन भर घरों से नहीं निकले। दोपहर तक गर्मी व उमस इतनी तेज हो गई कि शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगीं।
लोग घरों में कूलर के सामने भी राहत महसूस नहीं कर सके। कईयों ने शहर के जलाशयों व बावड़ियों मे नहाकर गर्मी से राहत महसूस की तो कईयों ने कोल्डड्रिंक्स व नारियल पानी से अपनी प्यास बुझाई। चौपासनी रोड स्थित फनवल्र्ड के वाटर पार्क में दिन भर गहमागहमी रही तो भारी गर्मी से बेचैन पब्लिक पार्क के चिड़ियाघर में पशुओं ने भी पानी के कुंड में बैठे दिन बिताया।