HomeNewsRajasthanKota Kota

कोटा में बूंदाबांदी

कोटा. बारिश का क्रम थमने के साथ ही रविवार को एक बार फिर तेज गर्मी और उमस बढ़ गई। हाड़ौती में कहीं-कहीं मामूली वर्षा हुई, जबकि अधिकांश स्थानों पर मौसम सूखा रहा।

बीते 24 घंटे में कोटा में 44.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इससे पूर्व दो दिन तक हुई बारिश को देखते हुए लोगों को आशा थी कि रविवार को भी मौसम सुहावना ही बना रहेगा, लेकिन सुबह से धूप ने दगा दे दिया। दोपहर में उमस की वजह से लोगों का बुरा हाल रहा। गर्मी के कारण वे पिकनिक स्थलों पर भी नहीं जा सके। रात में ग्यारह बजे बूंदाबांदी होती रही। उधर, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को जोरदार बारिश हुई। मावली में चार इंच बारिश से कस्बे में पानी भर गया।

राजधानी सहित झुंझुनूं, उदयपुर के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। उधर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, कोटा व जोधपुर में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। जोधपुर में दिन में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।

जयपुर में दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम को करीब आधे घंटे की मूसलाधार से मौसम सुहावना हो गया। चूरू जिले में दो बच्चे नहर में डूब गए। उदयपुर संभाग के राजसमंद और डूंगरपुर जिलों में दो दिनों से चल रही बरसात के बाद रविवार को उदयपुर में बादल जमकर बरसे। राजसमंद जिले के केलवा, रिछेड़, खमनोर व कुंवारिया क्षेत्र में दोपहर को आधा घंटे तक झमाझम हुई। नाथद्वारा व आमेट के आसपास इलाकों में आधा घंटे रिमझिम हुई।

कोटा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं बारिश हुई तो कहीं सूरज व बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। रावतभाटा में शाम 4 बजे आधे घंटे बारिश हुई। रामगंजमंडी में भी तीन बजे दस मिनट के लिए बूंदाबांदी हुई। इसके अलावा सुल्तानपुर, इटावा व खातौली आदि क्षेत्रों में बादल छाए लेकिन बरसे नहीं। इसके चलते उसम से लोग परेशान रहे।

बारां, बूंदी व झालावाड़ जिलों में भी रविवार को मौसम साफ रहा। सुबह बादल छाए। दिन हल्की धूप खिली। हवा में ठंडक मौजूद रही लेकिन बंद कमरों में उमस ने परेशान किया। कहीं-कहीं कुछ समय के लिए हल्की बूंदा-बांदी हुई। बीकानेर, करौली और सीकर में भी रिमझिम हुई। उधर, कोटा के परवन में 40 मवेशी डूब गए।

जारी रहेगी बारिश : मौसम विभाग के अनुसार अब मानसून जोर पकड़ने लगा है। प्रदेश के अछूते रहे क्षेत्रों में भी जल्द ही बारिश शुरू हो जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: