कोटा. राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अफसरों के भारी भरकम तबादलों में कोटा में पहले से तैनात अफसरों के महज पद बदले हैं, चेहरे वही हैं। अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार को एक ही जिले में चार साल से तैनात प्रशासनिक अफसरों को बदलने की बाध्यता थी, लेकिन आचार संहिता लागू होने से पहले ही अफसरों ने चुनाव से जुड़े पदों की जगह इसी शहर में दूसरे पदों पर पोस्टिंग पा ली।
अभी तक एडीएम (प्रशासन) राकेश जायसवाल अब नगर विकास न्यास के सचिव होंगे। वर्तमान न्यास सचिव सोहनलाल शर्मा जायसवाल की जगह लेंगे। एडीएम (शहर) दीपक नंदी अब कोटा में ही जिला रसद अधिकारी का पद संभालेंगे, वहीं एडीएम (सीलिंग) प्रतिभासिंह अब कोटा जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगी।
जिला परिषद् के सीईओ रामदयाल मीणा को अतिरिक्त संभागीय आयुक्त तथा अंबरीश मेहता को राजस्व अपील अधिकारी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। शहर में दो नए अफसरों का आगमन हो रहा है। डूंगरपुर में ट्राइबल एरिया डबलपमेंट के प्रोजेक्ट अफसर मनोज कुमार नाग नए एडीएम (शहर), जबकि भरतपुर के अतिरिक्त संभागीय आयुक्त पद से स्थानांतरित होकर आ रहे ओपी शर्मा नए एडीएम (सीलिंग) होंगे। जिला परिषद में अभी तक अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी किशनसिंह वर्मा को यहां से स्थानांतरित करके करौली में अतिरिक्त कलेक्टर लगाया गया है। रामदयाल मीणा (तृतीय) को कोटा जिला परिषद में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
जिले के उपखंड अधिकारी भी बदले गए हैं। कठूमर से स्थानांतरित होकर आ रहे महेन्द्रप्रकाश शर्मा सुल्तानपुर एसडीएम होंगे, वहीं तहसीलदार सेवा से प्रमोटी राजेन्द्र कुमार चतुर्वेदी दीगोद में सहायक कलेक्टर लगाए गए हैं। चित्तौड़ से आ रहे मुरलीधर मीणा इटावा के एसडीएम होंगे। इटावा के मौजूदा एसडीएम केसरलाल मीणा भीलवाड़ा में एडीएम शहर पद पर स्थानांतरित किए गए हैं और सुल्तानपुर के बीडीओ शंभुदयाल मीणा को गंगापुरसिटी में सहायक कलेक्टर लगाया गया है।
संभाग में भी फेरबदल
बारां के अतिरिक्त सीईओ नरपालसिंह बूंदी लगाए गए हैं। बारां में सभी नए एसडीएम लगाए गए हैं। नसीराबाद से मनीष गोयल अटरू, बामनवास से बजरंगसिंह मांगरोल और मांडलगढ़ से हेमंतस्वरूप माथुर छबड़ा में एसडीएम लगाए गए हैं।
अकलेरा के एसडीएम नरेश कुमार मालव किशनगंज स्थानांतरित किए गए हैं, जबकि अकलेरा (झालावाड़) में खेतड़ी से दाताराम को लगाया गया है। अंता में सहायक कलेक्टर के पद पर रामगोपाल मीणा को स्थानांतरित किया गया है। तहसीलदार सेवा से प्रमोटी भगवतसिंह प्रथम अब नगर परिषद बूंदी के नए आयुक्त होंगे। नैनवां (बूंदी) में कोखरमल को एसडीएम लगाया गया है। मौजूदा एसडीएम अमरसिंह थानावत चित्तौड़ स्थानांतरित किए गए हैं।