उदयपुर.
उदयपुर में ई-मेल हैकिंग का एक और मामला सामने आया है। देवाली स्थित रॉयल आर्ट के मैनेजर की ई-मेल हैक कर यूएसए के एक ग्राहक से अभद्र व्यवहार की शिकायत की गई है।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार रॉयल आर्ट के मैनेजर सुंदरलाल जीनगर ने रविवार को अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका ई-मेल हैक करने की रिपोर्ट अंबामाता थाने में दर्ज करवाई है।
यह है मामला
सुंदरलाल जीनगर ने बताया कि अगस्त, 07 में उसने एक दिन पासवर्ड डाला, लेकिन ई-मेल नहीं खुला, तो उसने तकनीकी खराबी समझकर दूसरा ई-मेल एड्रेस ले लिया। दो माह पूर्व उसे दिल्ली स्थित ग्रीव्स ट्रावेल्स एजेंसी से पता चला कि उसका पुराना ई-मेल एड्रेस हैक कर लिया गया था और रॉयल आर्ट से माल खरीदने वाले एक अमेरिकन ग्राहक को उस एड्रेस से मेल भेजकर अभद्र व्यवहार किया गया।
श्री जीनगर ने बताया कि ग्रीव्स ट्रावेल्स से पता चला कि अमेरिकन ग्राहक ने जो माल रॉयल आर्ट्स से खरीदा था, उसके बारे में ई-मेल में लिखा था कि वह माल उस तक नहीं पहुंचेगा और जो रुपया रॉयल आर्ट्स को दिया गया है, वह भी उसे वापस नहीं लौटाया जाएगा। वह चाहे जो कर ले।
ई-मेल हैकिंग की जांच चल रही है : डिप्टी
डिप्टी सुधीर जोशी ने कहा कि अज्ञात व्यक्ति ने श्री जीनगर का मेल हैक किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच चल रही है। अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि मेल किसने हैक की है। इस मामले में रॉयल आर्ट के एक ग्राहक से अभद्र व्यवहार किया गया है।
लेकसिटी में साइबर क्राइम बढ़ा
>> जुलाई 2006 : नाइजीरिया के युवक फैथ ने लॉटरी खुलने के नाम से उदयपुर की पार्टी को चार करोड़ का लालच दिया था।
>> फरवरी 07 : हिरणमगरी क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका को काले डालर्स देने के झांसे में नाईजीरिया के ठग गिरोह ने मुंबई बुलाया था। डॉलर्स पर काले रंग को हटाने के लिए दिए गए सोल्यूशंस की एवज में 9 लाख रुपए वसूले थे।
>> जून 2007 : एचआरएच ग्रुप में नाइजीरिया के एक व्यक्ति ने दूसरे के क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करके ई-मेल करके ई-मेल व वच्यरुअल नंबरों से संपर्क करके बुकिंग करवाई और कुछ दिनों बाद बुकिंग रद्द करवाकर बुकिंग अमाउंट प्राप्त कर लिया था।
>> मार्च 2008 : हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी देवेंद्र जावलिया का ई-मेल आईडी हैक करके विदेशों में उनकी बिजनेस डील कर ली थी।
>> अप्रैल 2008 : लेक पैलेस रोड पर इंडिया आर्ट एंड हैंडीक्राफ्ट के मालिक रंजन मेहता काई-मेल आईडी हैक करके विदेशों में लाखों का हस्तशिल्प बिजनेस हथियाने का मामला दर्ज हुआ था।
>> जून 2008 : सर्वऋतुविलास क्षेत्र में रहने वाले भू-वैज्ञानिक व खनन मामलों के सलाहकार आलोक रस्तोगी का ई-मेल आईडी हैक किया। करीब दो सौ लोगों को मेल भेजकर 28 डॉलर की मदद मांगी गई।