कराची.
कुमार संगकारा के शतक (112) शतक व अजंता मेंडिस की घातक गेंदबाजी (4/47) की बदौलत श्रीलंका ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 दौर में रविवार को पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 302 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में पाक टीम नौ विकेट पर 238 रन बना सकी। इसके साथ ही मेजबान टीम के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को झटका लगा है। श्रीलंका का सामना अब सोमवार को बांग्लादेश से होगा। इससे पूर्व श्रीलंका को 302 के स्कोर तक पहुंचाने में चमारा सिल्वा और कापूगेदेरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने क्रमश: 46 और 43 रन बनाए।
पाकिस्तान के सुहैल तनवीर ने पांच विकेट झटकर विपक्षी टीम पर अंकुश लगाने की कोशिश की,लेकिन उन्हें साथी गेंदबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिल सका। तनवीर ने सनथ जयसूर्या (8) को सस्ते में आउट कर पाक टीम को अच्छी शुरुआत दी। हालांकि श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज संगकारा के इरादे आज कुछ और ही थे, जिन्होंने टूर्नामेंट में दूसरा शतक जमाया।
उनके शतक की बदौलत श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 302 रन बनाए। संगकारा ने महेला जयवर्धने (29) और कापूगेदेरा के साथ मिलकर टीम के लिए मजबूत नींव तैयार की। इसके बाद चमारा सिल्वा के साथ मिलकर संगकारा ने 93 रन की साझेदारी की। संगकारा ने अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। वे जब आउट हुए तब तक टीक का स्कोर 271 हो चुका था। पारी के अंत में मिरांडो ने 20 गेंदों पर 28 रन की जोरदार पारी खेली।