Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

बस तालाब में गिरी, पांच मरे

रौन(भिंड). रौन थाना क्षेत्र के बिरखड़ी के समीप भिंड से लहार जा रही एक निजी बस संतुलन बिगड़ने पर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई,जबकि एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। कलेक्टर ने सभी मृतकों के परिजनों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

जानकारी के मुताबिक बस क्रमांक एमपी30 एफ 0911 रविवार की सुबह भिंड से लहार के लिए रवाना हुई थी। बस सुबह 11.30 के करीब जैसे ही बिरखड़ी पहुंची, तभी चालक का स्टेयरिंग से संतुलन हट गया और बस हिचकोले खाती हुई सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों ने तालाब के अंदर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई।

एसडीओपी लहार एमपी शर्मा ने बताया कि हादसे में दुर्जन पचौरी (20) पुत्र रामकुमार निवासी मिहोना, कल्लू पचौरी (25) पुत्र राजाबाबू निवासी रौन, दीपक उर्फ डीलेक्स दीक्षित (26)निवासी लालपुरा, वीर सिंह उर्फ अंकू जाटव (14) पुत्र नंदलाल निवासी बिरखड़ी के साथ बस कंडक्टर राजकुमार पचौरी (32)पुत्र रामस्वरूप निवासी धर्मपुरा की भी मौत हुई है।

घायलों में लल्लाप्रसाद झा (46) पुत्र नरपत लाल निवासी लहार, गोविंदराम (45) पुत्र धनीराम निवासी मेहदा, रामप्रकाश (40) पुत्र काशीराम निवासी माधौगढ़, सुरेन्द्र (35) पुत्र रामस्वरूप निवासी गुमानपुरा, रतीराम (40) पुत्र मानपाल निवासी मेहदा, सुरेश बघेल (25)पुत्र द्वारिका बघेल निवासी नौंधा, रामप्रकाश(60) पुत्र रामबख्श निवासी लालपुरा लहार,पुष्पा देवी (28)पत्नी विजय सिंह निवासी रौन, राहुल (14)पुत्र विजय सिंह निवासी रौन, सुमित्रा (80)पत्नी काशीराम निवासी माधौगढ़, खुमान (55)पुत्र हरचरण निवासी सिकरी लहार, अभिलाख सिंह निवासी दबोह संविदा शिक्षक वर्ग दो, मोंटी (5) पुत्र शिवराम निवासी रौन, मंजू पत्नी शिवराम निवासी रौन बताए गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रौन में भर्ती कराया गया है। दो घायल पुष्पा देवी तथा उनके बेटे राहुल को जिला चिकित्सालय के लिए रैफर किया है।

पचास-पचास हजार रुपए की सहायता
हादसे की जानकारी मिलने पर कलेक्टर एस सुहेल अली, अपर कलेक्टर आरपी भारती, डिप्टी कलेक्टर अनिल चांदिल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह, एसडीओपी एमपी शर्मा सहित राजस्व अमले के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर ने हादसे की जानकारी लेने के बाद मृतकों के परिजनों को सहायता के रुप में पचास-पचास हजार रुपए की सहायता मुहैया कराए जाने की घोषणा की।

क्रेन की मदद से निकाली गई बस
तालाब में गिरी बस को निकालने के लिए पुलिस को क्रेन बुलाना पड़ी। क्रेन ने पहले बस को तालाब से निकाला फिर उसे खींचकर थाने पर लाकर खड़ा कर दिया। हादसे में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: