News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रेलवे एक जुलाई से ट्रेनों के टाइम-टेबल में बदलाव कर रही है। ग्वालियर से दो नई ट्रेनें भी टाइम-टेबल बुक में शामिल हो जाएंगी। अभी उनके चलने की तिथि घोषित नहीं हो सकी है। बनारस जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ग्वालियर से चलने के समय को बढ़ाया जा रहा है।
1107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस को 19.50 के स्थान पर 20.40 बजे चलाना तय हुआ है। नए टाइम-टेबल में जयपुर इंटरसिटी का फेरा बढ़ा दिया गया है। ट्रेन का नम्बर भी बदला गया है। दस जुलाई की इंटरसिटी एक्सप्रेस 2966 डाउन उदयपुर से ग्वालियर के लिए चलेगी। यह ट्रेन ग्वालियर 12.46 बजे आया करेगी।
ग्वालियर से इंटरसिटी एक्सप्रेस उदयपुर के लिए 15.45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.10 बजे उदयपुर पहुंचेगी। निजामुद्दीन से चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस 2410 को रायगढ़ तक बढ़ाया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे अपने यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में से 40 ट्रेनों की गति बढ़ा रही है। गति बढ़ने से ट्रेन पांच मिनट से 80 मिनट पहले जल्दी पहुंचा करेंगी।
दो नई ट्रेनें
ग्वालियर से इंदौर के लिए साप्ताहिक ट्रेन चलाने की घोषणा रेल बजट में की गई थी। एक जुलाई के टाइम-टेबल में उसे शामिल कर दिया गया है। 1126 ग्वालियर-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में तीन दिन सोम, बुध व शुक्रवार को चलेगी। इंदौर-ग्वालियर 1125 ट्रेन इंदौर से मंगलवार, गुरु व शनि को चलकर अगले दिन ग्वालियर आएगी। ट्रेन के चलने के तिथि घोषित नहीं हुई है।
रेलवे ने ग्वालियर को सीधे मुजफ्फरपुर व सूरत से जोड़ा है। 1953 ट्रेन सूरत से बुधवार को चलकर अगले दिन सुबह ग्वालियर 4.40 बजे आकर 4.50 बजे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होगी। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन सूरत के लिए शनिवार को रवाना होकर अगले दिन 19.00 बजे यहां आएगी और पांच मिनट बाद सूरत के लिए चलेगी। इस ट्रेन का मार्ग कानपुर-टुंडला-आगरा-ग्वालियर-झांसी के रास्ते तय किया गया है।
खजुराहो के लिए लिंक एक्सप्रेस
रेलवे खजुराहो रेल मार्ग जल्द खोलने जा रही है। इसके लिए हजरत निजामुद्दीन से सप्ताह में तीन दिन ट्रेन चलाएगी। 2448 ए- निजामुद्दीन से मंगलवार, शुक्रवार व शनिवार को चलेगी। 2447 ए- खजुराहो से सोम, बुध व शनिवार को चला करेगी।
इस ट्रेन को संभवत: उप्र संपर्क क्रांति से जोड़ा जाएगा, जो महोबा से खजुराहो के लिए रवाना होगी। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच भोपाल-इटारसी होकर चलने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस अभी सप्ताह में दो दिन चलती है। उसे डेली किया जा रहा है।