bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

सैलाब सा आया और बह गया विष्णु

चंडीगढ़. सुखना नाले के दूसरी तरफ हाउसिंग बोर्ड ईडब्ल्यूएस मॉडर्न कॉलोनी बनवा रहा है। यहां काम कर रहे तमिलनाडु के मजदूरों के लिए कॉन्ट्रैक्टर ने स्टॉर्म वाटर लाइन पर ही पक्की झुग्गियां बना दी थीं।

इस बरसाती नाले से नॉर्दर्न सेक्टरों का पानी सुखना चौ में आकर गिरता है। रविवार को बारिश के बाद पानी का बहाव ज्यादा होने से नाले पर बनीं तीन झुग्गियां धंस गईं। इनमें दो परिवारों के तीन बच्चे विष्णु, तुषार (डेढ़ साल) और तुलसी (आठ महीने) बह गए।

बच्चों को बचाने के लिए राजू नाले में कूदा लेकिन वह केवल तुलसी को ही बचा सका। तुषार को कुछ लोगों ने आगे जाकर बाहर निकाला। उधर, तेज बहाव के साथ पानी विष्णु को डेढ़ किलोमीटर तक ले गया। जब तक लोगों ने उसे एक पुलिया से खींचा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

उसे सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विष्णु की मां बिरमी ने बताया कि बारिश शुरू होते ही सभी लोग अपना काम छोड़कर झुग्गियों में आ गए। करीब 4.25 बजे जोर से झटका लगा, और झुग्गी का एक हिस्सा बरसाती नाले में धंस गया। देखते ही देखते तीन बच्चे उसमें बह गए।

नहीं पहुंचा हाउसिंग बोर्ड का कोई अफसर
घटना की सूचना मिलने पर मेयर प्रदीप छाबड़ा मौके पर पहुंचे और प्रशासन के आला अफसरों को सूचना दी। डीसी आरके राव, असिस्टेंट इस्टेट ऑफिसर अश्विनी कुमार, एसडीएम ईस्ट निहारिका राय, चीफ इंजीनियर प्रशासन एसके जेतली, नगर निगम एसके बंसल समेत अन्य अफसर और काउंसलर मौके पर पहुंचे।

कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनवाई जा रही थी, लेकिन उनका कोई भी ऑफिसर और कॉन्ट्रैक्टर घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। मृतक के परिवार को डीसी आरके राव ने 50 हजार रुपए देने की घोषणा की। केन्द्रीय वित्त मंत्री पवन कुमार बंसल ने भी घटना स्थल का मुआयना किया और मृतक के परिवार को प्रशासनिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: