bhaskar Web English
HomeBusinessDalal Street Dalal Street

सेंसेक्स में सोलह साल की सबसे बड़ी मासिक गिरावट

नई दिल्ली.शेयर बाजारों में धारणा इतनी कमजोर हो गई है कि नई खरीदी करने वाले बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। रीयल इस्टेट और बैंक शेयर ब्याज दरों में इजाफे का शिकार हो गए हैं। सोमवार को ढाई फीसदी गिरकर बंद हुए देश के शेयर बाजार में सोलह साल की सबसे बड़ी मासिक गिरावट आई है।

सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 341 अंक गिरकर 13,462 के साथ 14 माह के न्यूनतम पर बंद हुआ। सेंसेक्स में इस साल लगातार दूसरी तिमाही में गिरावट दर्ज हुई है। छह महीनों में सेंसेक्स एक तिहाई से अधिक नीचे आ चुका है। वहीं, महंगाई को काबू में न आते देख विश्लेषक बाजार में और गिरावट की आशंका जताते हुए निवेशकों को कम भाव में अच्छे शेयर खरीदने के लिए वेट एंड वाच की नीति अपनाते हुए शेयर विशेष में कारोबार करने की सलाह दी है।

बैंक और ऑटो गिरे

बढ़ती महंगाई पर काबू के लिए रिजर्व बैंक द्वारा 29 जून को मौद्रिक नीति की समीक्षा में और सख्त कदम उठा सकता है इस अंदेशे में सोमवार को निवेशकों ने ब्याज दरों के प्रति संवेदनशील शेयरों में जोरदार बिकवाली की।

रियल्टी 6.81 फीसदी गिरा

बैंकों द्वारा आवास ऋण की ब्याज दरों में इजाफा किए जाने से रियल्टी क्षेत्र का कारोबार बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। निवेशकों को डर है कि इससे रियल्टी कंपनियों के मुनाफे पर बुरा असर होगा। इसीलिए निवेशक रियल्टी शेयरों में जोरदार बिकवाली करते रहे। एचडीएफसी, डीएलएफ, यूनीटेक और इंडियाबुल की अगुआई में सेंसेक्स से जुड़ा रियल्टी इंडेक्स क्षेत्रवार सूचकांकों में सबसे अधिक 6.81 फीसदी गिरकर बंद हुआ। इन रियल्टी कंपनियों के शेयरों में 6.60 से 10.27 फीसदी की गिरावट देखी गई।

बैंकेक्स 3.43 फीसदी गिरा

रिजर्व बैंक द्वारा रेपो दर और सीआरआर में आधा फीसदी की बढ़ोतरी किए जाने से बैंकों का मुनाफा प्रभावित होने की आशंका के चलते बैंक शेयरों में भारी बिकवाली के शिकार हो रहे हैं। सोमवार को बैंक इंडेक्स 3.43 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एसबीआई, पीएनबी, एक्सिस बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और यस बैंक की अगुआई में बैंक शेयरों का सूचकांक 3.43 फीसदी गिरकर बंद हुआ। ये सभी बैंक शेयर 4.02 से लेकर 8.38 फीसदी गिरकर बंद हुए।

ऑटो इंडेक्स 2.83 फीसदी गिरा

टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति और अपोलो टायर में बिकवाली के जोर से ऑटो सूचकांक 2.83 फीसदी गिरकर बंद हुआ। वाहन ऋण की ब्याज दरें बढ़ने की आशंका में निवेशकों ने ऑटो शेयरों में भारी बिकवाली की।

गिरते बाजार में क्या करें निवेशक?

बाजार में और गिरावट के अंदेशे को देखते हुए विश्लेषक निवेशकों को समझदारी से कारोबार करने की सलाह दे रहे हैं। कोटक महिंद्रा कैपिटल की डायरेक्टर शांति एकंबरम निवेशकों को नकद अपने पास रख इंतजार करने की सलाह दे रही है। शांति का कहना है कि जैसे ही अवसर मिलता है निवेशकों को सेक्टर के बजाय शेयर विशेष में निवेश करना चाहिए। बाजार में जैसे ही स्थिति में सुधार आता है अच्छे शेयरों को कम दाम में चुनना चाहिए। एडलवीज कैपिटल के विश्लेषक मितेष ठक्कर सेंसेक्स के 12,400 से 12600 और निफ्टी के 3,600 से 3,700 के बीच नई खरीदी निकलने की उम्मीद है।

एफआईआई ने जून में की बिकवाली

मुंबई. जून माह के 20 सत्रों में विदेशी निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय शेयर बाजार में 10,350.60 करोड़ रुपए (2.40 अरब डालर) मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिक्री की है। केवल तीन सत्रों में एफआईआई शुद्ध खरीदार रहे। जून के दौरान सेंसेक्स में 16 फीसदी गिरावट आई है, उसका कारण विदेशी निवेशकों की यही बिकवाली रही। भारत में मुद्रास्फीति का आंकड़ा लगातार ऊपर जाने और विकास की दर घटने का असर साफ दिखाई दे रहा है। इस साल में एफआईआई की सबसे अधिक शुद्ध बिक्री जनवरी में १७,२२६ करोड़ रुपए की दिखाई दी है।

कहां हुई बिकवाली

सूचकांक फीसदी गिरावट

अचल संपत्ति 6.81

उपभोक्ता सामान 4.71

तेल 4.03

ऊर्जा 3.55

पूंजीगत सामान 4.46

बैंक 3.43

वाहन 2.83

पीएसयू 2.67

टेक 1.60





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

आपके विचार
kesar singh
Wednesday, 2nd Jul 2008, 6:27
The rates of gold are not decreasing