Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood परदे के पीछे.
आधे वर्ष की बॉक्स ऑफिस हकीकत पूरी तरह निराशाजनक है। गुणवत्ता की दृष्टि से पाकिस्तानी फिल्म ‘खुदा के लिए’, नए लोगों की ‘आमिर’ और ‘शौर्य’ अच्छी रहीं। अब्बास मस्तान की ‘रेस’ और महेश भट्ट की ‘जन्नत’ ने पैसा कमाया। आशुतोष गोवारीकर की ‘जोधा-अकबर’ की बहुत प्रशंसा हुई और विदेश क्षेत्र में कमाए डॉलर के कारण ये मुनाफे की फिल्म है। परंतु इसे भव्य बॉक्स ऑफिस सफलता नहीं माना जा सकता।
यश चोपड़ा की ‘टशन’ ज्यादा खराब थी या ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ यह अभी तक तय नहीं हो पाया है। उनके दफ्तर से जुड़े लोगों के बीच कानाफूसी है कि बहू पायल अपने साथ अच्छा समय भी ले गई और नई महारानी ने आने के पहले ही शगुन के चावल घर के बाहर फेंक दिए। बहरहाल वर्ष का दूसरा हिस्सा शुरू हो रहा है हैरी बावेजा की फिल्म ‘लव स्टोरी 2050’ से, जिसमें वे अपने पुत्र हरमन को उसकी प्रेमिका प्रियंका चोपड़ा के साथ प्रस्तुत कर रहे हैं।
साथ ही प्रदर्शित हो रही है आमिर खान की ‘जाने तू या जाने न’ जिसमें वे अपने भांजे इमरान को प्रस्तुत कर रहे हैं। पहली फिल्म के प्रदर्शन पूर्व ही हरमन, मनमोहन शेट्टी की ‘विक्ट्री’, बोनी कपूर की अनीज बज्मी निर्देशित अनाम फिल्म, आशुतोष गोवारीकर की ‘वाट्स युअर राशि’ और भंसाली की अमिताभ अभिनीत ‘फ्रंटियर गांधी’ अनुबंधित कर चुके हैं।
अट्ठारह जुलाई को अजीज मिर्जा की शाहिद कपूर और विद्या बालन अभिनीत ‘किस्मत कनेक्शन’ का प्रदर्शन होने जा रहा है। अजीज मिर्जा कोई एक दशक बाद गैर शाहरुखी फिल्म प्रस्तुत कर रहे हैं। वे हमेशा साफ सुथरा मनोरंजन प्रस्तुत करते हैं। आठ अगस्त को अनीज बज्मी की अक्षय कुमार कैटरीना अभिनीत ‘सिंग इज किंग’ लग रही है। ‘नो एंट्री’ और ‘वेलकम’ के किस्म का मनोरंजन अक्षय की वजह से बहुत उम्मीदें जगाता है।
पंद्रह अगस्त को यश और आदित्य चोपड़ा की ‘बचना ए हसीनों’ रणवीर कपूर और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म है। ‘सावरिया’ की असफलता के बावजूद रणवीर को मुंहमांगे मेहनताने पर ढेरों फिल्में मिली हैं। यशराज बैनर की निरंतर असफलताओं के कारण इस फिल्म और युवा रणवीर कपूर के कंधे पर अतिरिक्त बोझ आ गया है। आदित्य के दल के युवा आनंद ने अभी तक कोई सफल फिल्म नहीं बनाई है।
खूबसूरत प्रतिभाशाली रणवीर कपूर ने अनुभवी निष्णांत संजय भंसाली के साथ काम किया और अब अपने अनुभवहीन बाल सखा आनंद के साथ काम कर रहा है। दो अलग छोरों के तनाव पर खड़ी है एक युवा प्रतिभा। बोनी कपूर की प्रभुदेवा निर्देशित ‘वांटेड डेड और अलाइव’ जिसमें सलमान खान हैं- दशहरा-दीपावली पर प्रदर्शित होगी, हाल ही में इसके एक गीत के फिल्मांकन पर दो करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।
बारह दिसंबर को आदित्य चोपड़ा की शाहरुख अभिनीत ‘रब ने बना दी जोड़ी’ प्रदर्शित होगी। उनचालीस वर्षीय नायक की जोड़ी आदित्य ने सोलह वर्षीय नई तारिका के साथ बनाई है, गोया कि ‘दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का नायक राज बड़ा हो गया है परंतु नायिका सिमरन सिमट गई है। इसी दिन संभवत: आमिर अभिनीत ‘गजनी’ का भी प्रदर्शन होगा, जिसमें इंश्योरेंस एजेंट एक दावे की जांच पड़ताल कर रहा है जिसमें उसकी पत्नी का खूनी भी शामिल है।
‘निखिल अडवाणी की ‘चांदनी चौक टू चाइना’ में अक्षय कुमार हैं। इसका दीवाली पर प्रदर्शन होगा। प्रियदर्शन निर्देशित ‘बिल्लू बार्बर’ शाहरुख खान की फिल्म है और सितंबर में प्रदर्शित होगी। यह उम्मीद की जा सकती है कि मनोरंजन उद्योग के अगले 6 माह शुभ साबित हो सकते हैं। उपरोक्त चर्चित फिल्मों का बहुत प्रचार हुआ है परंतु कोई अनाम अचर्चित छोटे बजट की फिल्म भी सफलता प्राप्त कर सकती है। मनोरंजन जगत क्रिकेट की तरह अनिश्चित खेल है।