bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

धोनी के पक्ष में कुंबले

बेंगलूरु‘बर्न आउट’ मुद्दे पर भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के समर्थन में टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले आगे आए हैं। कुंबले ने सोमवार को कहा कि एक के बाद एक वनडे मैच खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए मुश्किल होता है। सात दिन के क्रिकेट कैंप की समाप्ति पर मीडिया से बात करते हुए कुंबले ने कहा ‘लगातार दो दिन में दो वनडे मैच खेलना आसान नहीं होता और इससे सभी खिलाड़ी बुरी तरह से थक जाते हैं।’

इससे पहले पाकिस्तान में चल रहे एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एशिया कप के कार्यक्रम पर एतराज जताया था। धोनी ने कहा था कि लगातार क्रिकेट खेलने से खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है।

गंभीर और रोहित में योग्यता

एक सवाल के जवाब में कुंबले ने माना कि गौतम गंभीर और रोहित शर्मा में भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने की क्षमता है। कुंबले ने कहा कि यह काफी सुखद है कि इस तरह की प्रतिभाएं टीम में आपका स्थान लेने के लिए इंतजार कर रही हैं।

टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले के अनुसार पिछले दो दौरों में टेस्ट मैचों में टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। कुंबले ने बताया कि अगले माह होने वाले श्रीलंका दौरे पर जाने वाले खिलाड़ियों के संबंध में आठ जुलाई को मुंबई में चर्चा होगी। श्रीलंका दौरे पर जाने से पहले खिलाड़ी चेन्नई में दो दिन के प्रैक्टिस सेशन में भी भाग लेंगे।

खिलाड़ी रहे भाग्यशाली

सात दिन के कैंप के दौरान बारिश नहीं होने पर कुंबले ने कहा ‘इस समय पूरे देश में बारिश हो रही है और इसी वजह से देश में बहुत ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली जा रही है।

पर कैंप में भाग लेने वाले खिलाड़ी भाग्यशाली हैं कि बारिश की वजह से सात दिन के इस कैंप में कोई बाधा नहीं पहुंची।’

अंपायर के निर्णय को चुनौती

भारत-श्रीलंका के बीच जुलाई माह में शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज के दौरान अंपायर के निर्णय को चुनौती देने की व्यवस्था का प्रयोग किया जाएगा। इस संबंध में पूछे जाने पर कुंबले ने कोई प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया।

कुंबले ने कहा कि यह व्यवस्था अभी प्रयोग के दौर में है। श्रीलंका सीरीज की समाप्ति के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी की जा सकती है। गौरतलब है कि भारत तीन टेस्ट और पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए जुलाई माह में श्रीलंका के दौरे पर जाने वाला है। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 23 जुलाई से शुरू होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: