HomeNewsMetrosIndore Indore

प्राधिकरण व जिला प्रशासन के बीच लंबित मामले जल्द निपटेंगे

इंदौर. जिला प्रशासन और इंदौर विकास प्राधिकरण के बीच भू अर्जन, अवॉर्ड और अतिक्रमण हटाने को लेकर बनी असमन्वय की स्थिति दूर होने की उम्मीद जागी है। कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने प्राधिकरण के पदाधिकारियों और अधिकारियों को आश्वस्त किया है प्राधिकरण शहर में जो भी विकास कार्य कर रहा है उन्हें पूरा करने के लिए प्रशासन पूरा समन्वय रखेगा। वे जल्द ही इन कार्यो का निरीक्षण भी करेंगे।

कलेक्टर सोमवार सुबह प्राधिकरण पहुंचे। अध्यक्ष मधु वर्मा, उपाध्यक्ष चंद्रकुमार माखीजा, माणक सोगानी, संचालक टीकम जोशी, विजय मलानी, मालती डागोर, गायत्री बॉथम, सीईओ प्रमोद गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्राधिकरण पदाधिकारियों ने कलेक्टर से विभिन्न विकास कार्यो और योजनाओं के लिए भू अर्जन की धीमी प्रक्रिया पर चर्चा की। बैठक में एसडीएम गौतमसिंह और भू-अर्जन अधिकारी मनोज पुष्प भी मौजूद थे।

कलेक्टर ने उन्हें भू-अर्जन संबंधी सारे प्रकरण समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। पदाधिकरियों ने उन्हें कहा कई जगह अतिक्रमण होने से कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा अवॉर्ड प्रक्रिया में देरी से काम रुक जाते हैं जिससे दिक्कतें बढ़ती हैं। कलेक्टर ने सभी समस्याएं दूर करने की बात कही।

सोसायटियों की गड़बड़ियों पर लगाम कसें
चर्चा के दौरान प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री माखीजा ने कलेक्टर के सामने सोसायटियों द्वारा प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा प्राधिकरण उस सूची के आधार पर प्लॉट आवंटन करता है जो डीआर के यहां से आती है। यदि कोई गलत प्लॉट आवंटन का मामला होता है तो डीआर का पक्ष रहता है, हम केवल सदस्यों की सूची प्रमाणित करते हैं।

उन्होंने सर्वानंदनगर का उदाहरण देते हुए कहा ऐसे घोटालों पर पहले से ही लगाम कसने की जरूरत है। इस पर कलेक्टर ने कहा इसे गंभीरता से सुलझाने की जरूरत है। कलेक्टर ने बताया कैबिनेट यह निर्णय ले चुका है कि यदि किसी सोसायटी के पास 200 प्लॉट हैं तो उसके 250 से ज्यादा सदस्य नहीं हो सकते। कलेक्टर ने कहा वे जल्द ही मामले में एक संयुक्त बैठक बुलाएंगे।

प्राधिकरण ने निगम को सौंपा दो करोड़ का चेक
प्राधिकरण ने निगम को ट्यूबवेल खनन और इससे संबंधित अन्य कार्यो के लिए दो करोड़ रुपए का चेक दिया। उपाध्यक्ष श्री माखीजा, श्री सोगानी, संचालक श्री जोशी, श्री मलानी, सुश्री डागोर और सुश्री बॉथम ने महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा के निवास पर उन्हें जनहित में अंशदान का चेक सौंपा। महापौर ने पदाधिकारियों से प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यो की सराहना की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: