News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. जिले के सभी वर्ग की छात्राएं नए शिक्षा सत्र से अपने पसंद की स्कूल यूनिफार्म पहन सकेंगी। इस काम के लिए जिले की सारी तहसीलों में यूनिफार्म चुनने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा मेले लगाए जाएंगे और इस बार छात्राओं को एक -एक नहीं बल्कि दो-दो यूनिफार्म दी जाएंगी। मेले लगाने के पीछे मकसद इस येाजना में होने वाली गड़बड़ी को दूर करना है।
प्रदेश समेत जिले के सभी स्कूलों में प्रवेश के साथ ही पढ़ाई शुरू होने वाली है, जिसमें स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को यूनिफार्म में स्कूल जाना जरूरी होगा। इसकी तैयारियां शिक्षा विभाग ने पूरी कर ली हैं। इन्ही तैयारियों के चलते आगामी 15 जुलाई तक जिले की सभी एक से कक्षा आठ तक की छात्राओं को यूनिफार्म दे दी जाएगी।
यूनिफार्म वितरण का काम इस सत्र में मेले के माध्यम से किया जाएगा ताकि छात्राएं अपनी पसंद की यूनिफार्म खरीद सकें। राज्य शिक्षा केन्द्र ने इस बार हर वर्ग की छात्राओं को एक की जगह दो-दो यूनिफार्म देने का पैसला किया है, ताकि वह साफ कपड़ों में रोजाना स्कूल जा सकें। नए शिक्षा सत्र के लिए जिले में कक्षा एक से आठ तक की छात्राओं की संख्या 163846 है।
इन सभी छात्राओं को दो-दो यूनिफार्म देने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र से 32769200 रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। खास बात यह है कि इस बार यह यूनिफार्म स्कूलों में नहीं बांटी जाएगी बल्कि इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम और बीआरसीसी के संरक्षण में यह मेले हर तहसील में पहली बार तो 10 से 15 जुलाई तक और यूनिफार्म पसंद न आने पर 5 से 15 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं इन यूनिफार्म के लिए स्कूल के शिक्षक पालक संघ के माध्यम से हर छात्रा के मान से 200 रुपए दिए जाएंगे, जो कि सीधे यूनिफार्म विक्रेता को दिए जाएंगे।
एक जोड़ चप्पल भी दी जाएगी
कोई भी छात्रा स्कूल नंगे पैर न जाए इसका भी नए सत्र से इंतजाम किया है । इस कमी को दूर करने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा कक्षा एक से आठ तक की हर छात्रा को एक-एक जोड़ चप्पल भी दी जाएगी। इस हिसाब से प्रति छात्रा जो दो सौ रुपए दिए जा रहे हैं, उसमें से 180 रुपए तो दो यूनिफार्म के लिए होंगे और बाकी 20 रुपए चप्पल के लिए रहेंगे।
साइकिलें भी मिलेंगी मेले में
जिले की अनुसूचित जाति और जनजाति की छात्राओं को मेले के माध्यम से ही साइकिलें दी जाएगी। इस तरह की जिले की 2 हजार छात्राओं को साइकिल खरीदने के लिए प्रति छात्रा दो हजार रुपए का चेक दिया जाएगा, जो शिक्षक पालक संघ के माध्यम से दिया जाएगा। यह चेक केवल ऐसी छात्राओं को दिए जाएंगे जो स्कूल से कम से कम एक एक किलोमीटर की दूरी पर रहतीं हैं।