News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रविवार की शाम तिघरा जलाशय में डूबे युवक की लाश सोमवार की दोपहर तीन बजे निकाली जा सकी। इसको निकालने के लिए पुलिस और दमकल दस्ता सुबह से ही जुट गया था। उल्लेखनीय है कि हेमसिंह की परेड क्षेत्र के तीन युवक रविवार की शाम को तिघरा जलाशय पर पिकनिक मनाने के लिए गए थे। इनमें से दो युवक संजय खत्री और रोशन माखीजा जलाशय में पहुंचे और कुछ ही देर में डूब गए।
पुलिस के मुताबिक इन्हें तैरना नहीं आता था। इन युवकों में से रोशन माखीजा को पुलिस ने कुछ देर बाद ही निकाल लिया और अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तिघरा पुलिस और जलाशय में तैनात गोताखोर देर रात तक संजय खत्री को ढूंढते रहे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
सोमवार की सुबह भी पुलिस और गोताखोर दल को सफलता नहीं मिली तो उस क्षेत्र में जहां युवक डूबा था मोटरबोट चलवाई गई। इससे लहरें बनीं तो डूबे युवक की लाश भी उतरा गई। पुलिस ने युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
जलाशय पर शराब पीने वालों को रोका, बोतलें फोड़ीं : तिघरा जलाशय में शराब पीकर नहाने के लिए गए दो युवकों के डूबने के बाद पुलिस ने जलाशय के आसपास शराब पीने वालों पर सख्ती शुरू कर दी है।
एसओ तिघरा जेपी भट्ट के मुताबिक रविवार की घटना के बाद सोमवार को सुबह से ही पुलिस ने ऐसे लोगों को समझाइश देना शुरू कर दी जो तिघरा पर शराब पी रहे थे या तैरने के लिए उतर रहे थे। शराब पीने वालों की बोतलें भी पुलिस ने फोड़ दीं। श्री भट्ट के मुताबिक तिघरा पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।