bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छात्रा का घर घुसकर अपहरण

रायपुर. मंदिरहसौद इलाके के ग्राम पलौद में पांच युवकों ने 28 जून की रात वहीं की एक स्कूली छात्रा का घर घुस कर अपहरण कर लिया। घटना के दिन छात्रा परछी में अपनी मां के साथ सोई थी। गांव के जयलू भारती राजा भारती, पिला सोनी व अन्य शनिवार की रात 11.30 से 12.00 बजे के बीच चाकू, राड, लाठी आदि से लैस होकर घुसे और सो रही छात्रा का मुंह दबाकर जबरिया उठाकर अपने साथ ले गए।

मां ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। छात्रा की मां ने मंदिर हसौद थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने 456, 363, 366 के तहत मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है।

हत्या कर भागे युवक को दबोचा
जागृतिनगर खमतराई में रविवार रात साइकिल हादसे के बाद हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक युवक ने राजेश यादव (25) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी दाड़िया नायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि कल रात साइकिल से राहुल यादव (14) पेट्रोल लेने गया था। वापस लौटते वक्त जागृतिनगर में बजरंग मंदिर के पास राहुल की साइकिल सवार दाड़िया नायक से जोरदार टक्कर हो गई। इससे गुस्साए दाड़िया ने राहुल की जमकर पिटाई कर दी। इस झगड़े ने इतना तूल पकड़ा कि राहुल के चचेरे भाई राजेश से भी दाड़िया की मारपीट हो गई।

बौखलाए दाड़िया ने चाकू निकालकर राजेश पर हमला कर दिया। युवक को दौड़ा-दौड़ाकर उसके पेट और छाती में तीन-चार वार करने के बाद भाग गया। खून से लथपथ युवक बेहोश होकर मौके गिर पड़ा। घायल अवस्था में राजेश को डा. आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां उसने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी दाड़िया नायक को सुबह तक दबोच लिया। खमतराई टीआई आरके दुबे ने बताया कि आरोपी का पुराना रिकार्ड नहीं है। वह शंकरनगर की किसी आरा मिल में काम करता है। मृतक राजेश फोकटपारा स्थित एक होटल में वर्कर था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: