News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
टेंडर की शर्तो के अनुसार डेढ़ साल पहले निर्माण पूरा हो जाना था सिरगिट्टी व उस्लापुर ओवरब्रिज का, लेकिन अब भी लोगों को फाटक खुलने के इंतजार में खड़े रहना पड़ता है। सेतु संभाग और रेलवे के कारण पुलों का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है।
शहर के दो प्रमुख ओवरब्रिज निर्धारित अवधि पूरी होने के डेढ़ साल बाद भी नहीं बन पाए हैं। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग द्वारा बनवाए जा रहे इन ओवरब्रिज को जनवरी 2007 में पूरा हो जाना था, लेकिन ये पुल अब तक न बन पाने से इस क्षेत्र के लोगों को अब भी रेल गुजरने के दौरान फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
सिरगिट्टी और उस्लापुर रेलवे फाटक पर लगभग ढाई साल पहले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया था। सिरगिट्टी पुल की लंबाई रेलवे के हिस्से सहित 959.83 मीटर रखी गई थी। इसमें रेलवे को 60.33 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराना है।
इस पुल की लागत 12 करोड़ 25 लाख रुपए है। सेतु संभाग और रेलवे को मिलकर पुल का निर्माण सात जनवरी 2007 को पूरा करने के बाद इसे जनता के उपयोग के लिए शुरू हो जाना था, लेकिन लगभग डेढ़ साल बाद भी यह ओवरब्रिज नहीं बन पाया है।
सेतु संभाग के अफसरों का कहना है कि इस ब्रिज में रेलवे का पूरा 60 मीटर काम बकाया है। उन्हें सिर्फ एक स्लैब (स्पान) पूरा करना है। रेलवे का काम शुरू होने पर इस काम को एक साथ किया जाएगा, लेकिन देर वहीं से हो रही है। इस वजह से ब्रिज अधूरा है।
यही स्थिति उस्लापुर ओवरब्रिज की है। इस पुल की लंबाई 770 मीटर है। इसमें से लगभग 98 मीटर लंबा पुल जो रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरेगा, रेलवे को बनवाना है। आठ करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से बन रहे इस पुल को भी जनवरी 2007 में पूरा हो जाना था, लेकिन विभागीय अड़चन के कारण यह भी अधूरा है।
सेतु संभाग के अफसरों के अनुसार रेलवे ने यहां पर पाए तो बनवा दिए हैं, लेकिन स्लैब ढालना बाकी है। उनका यह भी कहना है कि रेलवे द्वारा अपने हिस्से का काम पूरा करते ही सेतु विभाग भी अपने हिस्से का काम पूरा कर लेगा। सेतु संभाग को भी इस पुल के दोनों ओर एक-एक स्लैब की ढलाई करना है।
तिफरा फाटक पर दो बार लगा जाम
तिफरा फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज ने वाहन चालकों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। खराब सड़क में भारी वाहन फंसने के कारण सोमवार को दोपहर से लेकर रात तक दो बार जाम लगा। वन-वे से वाहनों को पार कराया जा रहा था।
ओवरब्रिज बनने के कारण तिफरा फाटक के पास सड़क की हालत काफी जर्जर हो गई है। गड्ढों में पानी भरने के कारण भारी वाहन फंस जा रहे हैं। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे एक ट्रक गड्ढे में फंस गया। इसके चलते रोड जाम हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस रवाना किया गया।
काफी देर मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला गया। इसके बाद रात करीब 8 बजे फिर से जाम लग गया। यातायात दबाव अधिक होने के कारण वन-वे कर वाहनों को पार कराया जा रहा था। बताया जाता है कि निर्माण कार्य के दौरान फाटक के दूसरे तरफ गड्ढा होने और पानी भर जाने के कारण यह स्थिति बन रही है।