HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

10वीं में आधे फेल

अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 4 लाख 10 हजार 458 विद्यार्थी फेल हो गए। इस बार भी अधिकतर विद्यार्थी विज्ञान, अंग्रेजी और गणित विषयों में फेल हैं। सेकंडरी के इम्तिहान में 8 लाख 81 हजार 740 विद्यार्थी शामिल हुए।

इनमें से 4 लाख 71 हजार 282 पास हुए। इस बार परिणाम हालांकि 53.45 प्रतिशत रहा। यह पिछले वर्ष की तुलना में 8.20 फीसदी ज्यादा है। बोर्ड सचिव लीलाधर यादव के मुताबिक नियमित विद्यार्थियों की संख्या 7 लाख 97 हजार 225 थी।

इनका परिणाम 57.68 प्रतिशत रहा। वहीं स्वयंपाठी विद्यार्थियों की संख्या 84 हजार 465 थी। उनका परीक्षा परिणाम 13.51 प्रतिशत रहा। दसवीं कक्षा में बालकों ने बालिकाओं को पछाड़ दिया। बालकों का रिजल्ट 54.13 प्रतिशत तथा बालिकाओं का 52.22 फीसदी रहा। बोर्ड मंगलवार को शाम 4 बजे परिणाम घोषित करेगा।

यादव ने बताया कि मेरिट में आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय ब्यावर (अजमेर) के छात्र मोहित कुमार गर्ग पुत्र अशोक कुमार गर्ग (रोल नंबर-0018694) और भदाधर सीकर की स्वामी केशवानंद शिक्षण संस्थान सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र प्रदीप सिंह पुत्र सुगनसिंह (रोल नंबर-0653958) संयुक्त रूप से टॉपर रहे। दोनों ने 600 में से 578-578 अर्थात 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट में पहला स्थान हासिल किया।

मेरिट लिस्ट में दूसरे स्थान पर सीकर का कब्जा रहा। सीसीएस नगर स्थित भारतीय सीनियर सेकंडरी स्कूल सीकर के छात्र जसवीरसिंह पुत्र दिनेश कुमार (रोल नंबर-0646955) ने 575 अर्थात 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया।

तीसरे स्थान पर आदर्श विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल (दौसा) के छात्र अभिलाष डंगायच पुत्र कैलाश चंद डंगायच तथा श्री श्याम सीनियर सेकंडरी स्कूल भादरा की छात्रा कुमारी अलका (रोल नंबर-882047) ने संयुक्त रूप से 574-574 अर्थात 95.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कब्जा किया है। बोर्ड मेरिट के शेष 12 स्थानों की सूची मंगलवार को मूल परिणाम के साथ जारी करेगा। परिणाम आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा।

फैक्ट फाइल
परीक्षा के लिए पंजीकृत
9 लाख 27 हजार 469
परीक्षा दी
8 लाख 81 हजार 740
पास
4 लाख 71 हजार 282
फेल
4 लाख 10 हजार 458
पिछले साल से ज्यादा
1 लाख 31 हजार 195 विद्यार्थी
रिजल्ट
53.45 प्रतिशत
पिछले साल से
8.20 प्रतिशत ज्यादा

घर मेरे निपजा ‘सोणा’.. : प्रथम स्थान पाने वाले प्रदीप के पिता सुगनाराम पुलिस में हैं। सुगनाराम कहना है कि उनके घर प्रदीप के रूप में ‘सोना’ निपजा। दादा-दादी ने निखारा-मोहित : संयुक्त रूप से अव्वल रहे मोहित गर्ग ने सफलता का श्रेय दादा-दादी और मां को दिया है।

जसवीर का लक्ष्य आईआईटी : दूसरे स्थान पर रहे जसवीर का लक्ष्य आईआईटी करना है। जसवीर के पिता भोपाल में ट्रांसपोर्टर हैं।

अलका का लक्ष्य इंजीनियर बनना : तीसरे स्थान पर रही अलका सिंह इंजीनियर बनना चाहती है। मध्यम वर्गीय परिवार की इस छात्रा के पिता पुलिस में एएसआई हैं।

अभिलाष ने की छह घंटे रोज पढ़ाई : तीसरी रैंक प्राप्त अभिलाष डंगायच ने रोज छह घंटे पढ़ाई कर यह लक्ष्य हासिल किया। सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य रूपेंद्र मोहन शर्मा, भैया अभिषेक, मां व चाचा को दिया है।

ऐसे जानिए नतीजे
परिणाम आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। विद्यार्थी आईवीआरएस पद्धति से भी जान सकेंगे। विद्यार्थी 95-141-5150011 या 0141-5150011 नम्बर डायल कर आईवीआरएस पद्धति से परिणाम जान सकेंगे। बीएसएनएल फोन धारक 1255560, 12555, 1250112, 12630010 डायल कर माध्यम से परिणाम जान सकेंगे। परिणाम ‘भास्कर’ की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। रिजल्ट एस एम एस के माध्यम से जानने के लिए rj10 के बाद स्पेस छोड़कर अपना रोल नंबर लिखें और फिर 54567 पर भेज दें। रिजल्ट्स डाट इंडिया इनफो डाट काम नामक वेबसाइट पर भी आप रिजल्ट सर्च कर सकते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: