जोधपुर/पाली/मेड़तारोड.
मारवाड़ में मानसून मेहरबान हो गया है। रविवार से शुरू हुई बरसात का दौर दूसरे दिन सोमवार को पूरे शबाब पर नजर आया। हालांकि सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे तक गर्मी व उमस ने सताया मगर उसके बाद मानसूनी बादलों ने मौसम के मिजाज बदल दिए। दोपहर ढाई बजे बाद जोधपुर शहर सहित जिले के बालेसर में जोरदार बरसात हुई जबकि बिलाड़ा व बालोतरा में हल्की बूंदाबांदी हुई। इसी प्रकार संभाग के नागौर जिले के मेड़ता व जायल कस्बों में जोरदार बरसात हुई। जबकि पूरे संभाग में बादल छाए रहे।
जिले के भोपालगढ़ तहसील के तहत सेवकी कलां गांव में रविवार अपराह्न् बिजली गिरने के धमाके से मां व बेटी बेहोश गई जिन्हें बनाड़ स्थित राजस्थान अस्पताल में भर्ती कराया गया। जोधपुर शहर में दोपहर हुई बरसात के कारण डर्बी टैक्सटाइल इलाके की बस्ती में विद्युत पोल गिर गया जिसके नीचे दबने से पास खड़ा ऑटो रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत यह रही कि उस वक्त रिक्शा में कोई बैठा हुआ नहीं था। जोधपुर में दोपहर को उत्तर दिशा से तेज हवा के साथ काली घटाओं का आगमन हुआ तथा करीब आधे घंटे तक धूल भरी हवाएं चलने के बाद बादल जमकर बरसने लगे। इसके बाद लगातार शाम तक आकाश बादलों से आच्छादित रहा व शाम को एक बार फिर शुरू हुई बरसात देर रात्रि तक रूक रूक कर होती रही।
पाली में बारिश
पाली जिले में रविवार की रात को जैतारण में सबसे ज्यादा डेढ़ इंच के करीब बारिश हुई। वहीं जालोर व सिरोही में बादलों की आजावाही लगी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। पाली शहर समेत अन्य जगहों पर भी रात को बादल बरसे। सोमवार को दिन में एक बार फिर पारा परवान पर रहा, जिससे उमस का जोर रहा। दोपहर बाद चार बजे आकाश में घटाटोप बादल छाए,लेकिन तेज हवा के बीच रिमझिम फुहारों से ही लोगों को संतोष करना पड़ा। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार की रात को बारिश होने से न्यूनतम तापमान गिर कर 24.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा ,लेकिन सोमवार को दिन भर सूर्य की तपिश के कारण आर्द्रता 86 प्रतिशत तक पहुंची।
जोधपुर में 34 मिमी वर्षा
सोमवार को लगभग आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ 6.6 मिमी बरसात हुई। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में शहर में 34.6 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई। बरसात के बाद निचले स्थानों पर भरे पानी में और इजाफा होने से पाबूपुरा, राईकाबाग बैंक कालोनी, गेवा व औद्योगिक क्षेत्र की बस्तियों में पानी भर गया। वहीं तेज आंधी से कुछ विद्युत पोल भी गिर गए।
मेड़ता में मूसलाधार
नागौर जिले के मेड़ता शहर में दोपहर 2 बजे जोरदार बरसात हुई, जो करीब एक घंटे जारी रही। जबकि जायल कस्बे में शाम 5 बजे से 6 बजे तक मूसलाधार बरसात हुई। नागौर शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। जोधपुर शहर में लगातार दूसरे दिन बरसात होने से शहर के अधिकतम तापमान मे 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई तथा अधिकतम तापमान 37 डिग्री पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट दर्ज की गई और पारा लुढ़ककर 24.4 डिग्री सेल्सियस रह गया।
संभाग में बादलों के बावजूद पारा 42.3 पर
संभाग में दिन भर बादल छाए रहने के बावजूद बाड़मेर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर का अधिकतम तापमान भी 41.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि संभाग में सबसे ज्यादा तापमान फलौदी में 42.3 डिग्री व न्यूनतम 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जिले के ओसियां में अधिकतम 38.4 व न्यूनतम 28.6 डिग्री तथा बिलाड़ा में अधिकतम 40.8 तथा न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।