HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

तू मुझे जिता, मैं तुझे जिताऊं

जोधपुर. आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा में भले ही अब तक उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई हो, नए परिसीमन को लेकर मौजूदा विधायक व मंत्री अपने हिसाब से ही चुनावी रणभूमि तय करने लग गए हैं। कुछ नेताओं ने तो अपने स्तर पर ही नए विधानसभा क्षेत्र में अपनी पहचान व पकड़ मजबूत करने के लिए भागदौड़ भी शुरू कर दी है।

नए परिसीमन से उभरे चुनावी परिदृश्य में सालों से आरक्षित या सामान्य रहे विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव आने से कई मंत्रियों एवं विधायकों की चुनावी गणित बिगड़ गई है। नए परिसीमन में विधायक मोहन मेघवाल की सूरसागर सीट आरक्षित से सामान्य होने तथा राज्य के खान मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे की सोजत विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो जाने से बिगड़े समीकरण सुधारने के लिए दोनों नेताओं ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र बदलते हुए जनसंपर्क शुरू कर दिया है।

कर रहे हैं एक दूसरे की मदद
विधानसभा क्षेत्रों की आपस में अदला-बदली करने के बाद खान मंत्री दवे सूरसागर क्षेत्र में छोटे से बड़े पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर मधुर संबंध बना रहे हैं। इसके साथ ही सूरसागर क्षेत्र में सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में भी उनकी शिरकत बढ़ गई है और वे बतौर अतिथि बुलाए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों में मौजूदा विधायक मोहन मेघवाल भी दवे की तारीफें करने से नहीं थक रहे। साथ ही आने वाले चुनाव में उनका पूरा ध्यान रखने की हिदायत लोगों को दे रहे हैं।

नए परिसीमन में सूरसागर में मोटे तौर पर अनुसूचित जाति, ब्राrाण व मुस्लिम मतदाता ज्यादा होंगे। इन जातियों को लुभाने के लिए दवे इनके इलाकों मे पहुंच कर स्कूल भवन में नव निर्मित कक्ष, सामुदायिक भवन, सड़क निर्माण की शुरुआत जैसे कार्यक्रमों तक में हिस्सेदारी निभा रहे हैं। पिछले छह माह में दवे ने ऐसे करीब दो दर्जन कार्यक्रमों में भाग लिया है। कार्यक्रमों के दौरान उनका एक ही मकसद रहा, क्षेत्र के लोगों के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं से मधुर संबंध बनाए जाएं।

मेघवाल सोजत में सक्रिय
सोजत विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित होने के बाद मेघवाल को सोजत के लिए खान मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने राह दिखाई है। मेघवाल पिछले छह माह से सोजत विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं से मेलजोल बढ़ाने के साथ ही सोजत में आयोजित होने वाले मेघवाल समाज के सामूहिक विवाह सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।

मेघवाल पिछले छह माह में करीब एक दर्जन विभिन्न कार्यक्रमों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग में भी दवे के साथ शिरकत कर चुके हैं। दवे भी अपने भरोसेमंद व नजदीकी कार्यकर्ताओं सहित अन्य प्रभावशाली लोगों से मेघवाल का मेलजोल बढ़ाने में लगे हैं।

पार्टी का जैसा आदेश होगा उसकी पालना करूंगा। मेरी सभी जगह अच्छी जान पहचान है। समाज के लोग जहां बुलाते है वहां जाता हूं। सोजत में भी समाज के कार्यक्रमों में मुझे बुलाने पर में गया था। बिलाड़ा, भोपालगढ़ भी लोगों के बुलावें पर मैं गया और कार्यक्रमों में भाग लिया था।
—मोहन मेघवाल, विधायक, सूरसागर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: