जोधपुर.
शहर में सरपट दौड़ रही बीआरटीएस बसों की गवर्निग बॉडी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर तो कलेक्टर ही हैं, लेकिन उनके मातहत कंपनी के दफ्तर के बारे में अनजान हैं।
कलेक्टर कार्यालय ने नगर निगम से दफ्तर के बारे में सूचना चाही, लेकिन उसने यह कहते हुए हाथ खड़े कर दिए कि यह पब्लिक लिमिटेड कंपनी है, जिसका संचालन कलेक्टर कार्यालय में हो रहा है। इसलिए इस सूचना का जवाब वे अपने स्तर पर ही देने की व्यवस्था करें।
निगम के इस जवाब के बाद कलेक्टर कार्यालय इस दफ्तर को ढूंढ़ने में जुटा है, मगर ऑफिस नहीं मिल पा रहा है। शहर में 18 अगस्त 07 से शुरू हुई नगरीय बस सेवा का संचालन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड नाम की कंपनी कर रही है। इस कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर खुद जिला कलेक्टर हैं।
सरकारी खाते में कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस जिला कलेक्टर कार्यालय में होना दर्शाया गया है। डेढ़ माह पूर्व शास्त्रीनगर निवासी अनिल टाटिया ने सूचना के अधिकार में सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल) के रजिस्टर्ड ऑफिस की विधिवत सूचना मांगी तो कार्यालय में काम करने वाले मातहतों की सांसे फूलने लगीं।
कलेक्टर कार्यालय ने यह पत्र अपर जिला कलेक्टर (प्रथम) को भिजवा दिया। एडीएम कार्यालय को ऑफिस नहीं मिला तो गेंद नगर निगम के पाले में धकेल दी। निगम भी जेसीटीएसएल के ऑफिस को लेकर परेशान रहा, लेकिन बाद में निगम ने भी दो टूक जवाब दे दिया। जब जिला प्रशासन जेसीटीएलएस के रजिस्टर्ड ऑफिस की जानकारी देने में टालम-टोल करने लगा तो अनिल टाटिया ने कंपनी के चेयरमैन व महापौर डॉ ओमकुमारी गहलोत से शिकायत की। चेयरमैन के समयवधि में सूचना उपलब्ध करवाने के पत्र के बावजूद लोक सूचना अधिकारी उन्हें यह सूचना नहीं दे पाए हैं।
किसने क्या दिया तर्क
जिला कलेक्टर कार्यालय : लोक सूचना अधिकारी व एडीएम (प्रथम) को पत्र लिखकर सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(3) के अनुसार प्रार्थी को वांछित सूचना उपलब्ध करवाने का कहा।
एडीएम (प्रथम) कार्यालय : नगर निगम के सीईओ को पत्र भेजकर कहा कि अनिल टाटिया ने जेसीटीएसएल से संबंधित सूचना चाही है, वांछित सूचना तैयार कर भिजवाएं ताकि आवदेक को निर्धारित अवधि में सूचना उपलब्ध हो सके।
नगर निगम कार्यालय : सचिव ने एडीएम (प्रथम) को जवाब भेजकर कहा कि उक्त कार्य नगर निगम में नहीं किया जाता है। यह कार्य आप (कलेक्टर कार्यालय) के यहां ही हो रहा है। अत: उक्त सूचना का जवाब अपने स्तर पर ही भेजने की व्यवस्था करें। क्योंकि सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी है, जिसका रजिस्टर्ड कार्यालय कलेक्टर ऑफिस जोधपुर है तथा जिला कलेक्टर इस कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।
चेयरमैन ने मांगी जानकारी : एडीएम (प्रथम) को पत्र लिखकर कहा कि अनिल टाटिया ने जेसीटीएसएल के रजिस्टर्ड ऑफिस के बारे में जानकारी चाही है। यह सूचना उन्हें निश्चित अवधि में उपलब्ध करवाई जाए।