HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नकल विरोधी कानून को कैबिनेट से आज मंजूरी

रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की अध्यक्षता में कल कैबिनेट की बैठक होने वाली है। विधानसभा सत्र के पहले होने वाली बैठक में अनुपूरक बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा नकल विरोधी कानून के विधेयक को भी मंजूर किए जाने के संकेत हैं।

हाल में जांजगीर और आसपास के क्षेत्र में थोक में हुई नकल के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल की काफी किरकिरी हुई है। उसके बाद से राज्य शासन ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है।

सरकार नकल करने वालों को कड़ी सजा देने का प्रावधान करने जा रही है। इसके लिए वर्तमान प्रावधानों को बदलकर नकलचियों को सजा देने का प्रावधान किया जा रहा है। विधानसभा के मानसून सत्र में इसके लिए विधेयक लाया जा रहा है। इस विधेयक को कल कैबिनेट में मंजूर किया जाएगा।

मेडिकल कालेज के हड़ताली डाक्टरों की मांगों पर भी कैबिनेट में चर्चा की जाएगी। जूनियर डाक्टरों ने स्टायपंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंबेडकर अस्पताल में कामकाज प्रभावित कर रखा है।

चारों कमिश्नरी के संबंध में राज्य शासन ने अध्यादेश जारी किया था। इस कारण इसका विधेयक मानसून सत्र में लाया जा रहा है। इस पर भी कल औपचारिक मुहर लगेगी। जोगी शासनकाल में बंद किए गए संभाग मुख्यालयों को रमन सरकार ने फिर से बहाल कर दिया है। सरगुजा नई कमिश्नरी बनाई गई है।

तबादलों पर निर्णय होगा
कैबिनेट में तबादलों पर प्रतिबंध के संबंध में भी फैसला होने की संभावना है। हालांकि पहले केवल 30 जून तक के लिए तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया गया था, लेकिन विकास यात्रा में व्यस्त रहने के कारण कई मंत्री तबादला आदेश जारी नहीं कर सके हैं। माना जा रहा है कि सप्ताह भर या 15 दिन के लिए तबादलों की अनुमति और दी जा सकती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: