HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

आधी रात धरने पर बैठे पार्षद

रायगढ़. strike आंधी-पानी के बीच होमगार्ड (चांदमारी) स्थित ट्रांसफार्मर फेल हो जाने से शहर के वार्ड क्रमांक 3 रामभांठा, वार्ड-5 इंदिरा नगर, 6 चांदमारी, 7 मधुबनपारा व वार्ड 8 जोगीडीपा में पिछले 3 दिनों से बिजली बाधित है।

बिजली नहीं होने से इन वार्डो के लोगों को रात्रि दौरान सांप-बिच्छु का भय रहता है तो वहीं, निगम द्वारा बोर पंप के जरिए नलों में की जाने वाली पानी सप्लाई नहीं हो पाने से वार्डवासियों को निस्तारी करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्युत समस्या को लेकर पार्षदद्वय साहनीराम निषाद, दयाराम धुर्वे व एल्डरमेन अल्फाजुद्दीन सोमवार अपरान्ह 4.30 बजे विद्युत मंडल कार्यालय में सहायक यंत्री (संचार एवं सुधार) एचके शुक्ला से मिलकर उनको वार्डवासियों की समस्याओं से अवगत कराया। श्री शुक्ला ने चांदमारी व इंदिरानगर वार्ड में एक फेस तत्काल चालू कराने का आश्वासन दिया। लेकिन, ऐसा हो नहीं पाया।

आश्वासन के बावजूद विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं होने से रात 10.30 बजे साहनी राम, दयाराम व अल्फाजुद्दीन फिर बिजली आफिस पहुंचे और शिकायत दर्ज कराना चाहा किंतु फ्यूज काल दफ्तर में कोई भी कर्मचारी नहीं होने से नाराज पार्षदों ने गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते धरना स्थल पर अन्य पार्षद व युंकाई एकत्रित हो गए।

धरने की खबर लगते ही मौके पर पुलिस बल के अलावा सहायक यंत्री श्री शुक्ला व जेई (टाऊन) एस खेस पहुंचे। प्रदर्शनकारियों से बातचीत जारी थी पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने से प्रदर्शनकारी वहां से उठकर देर रात लगभग 1 बजे कलेक्टर बंगला पहुंच गए। जहां कलेक्टर ने मंगलवार तक विद्युत बहाल किए जाने का आश्वासन दिया।

जेई की खिलाफ पुलिस में शिकायत: प्रदर्शनकारी पार्षद व युकांइयों से वार्ता दौरान जेई द्वारा अपशब्द कहे जाने की शिकायत कोतवाली थाना प्रभारी से की गई है। पार्षदगण राजू टोप्पो, लोकेश्वर मिरी, साहनी व दया ने जेई के विरुद्ध लिखित में शिकायत करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने सहित आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि धरना प्रदर्शन के दौरान जेई ने एक वरिष्ठ इंका नेता को तैश में आकर अपशब्द कह दिया था। इससे पहले वहां विवाद और बढ़ता। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए अधिकारी को मंडल दफ्तर की ओर ले गए।

चमकी बिजली, गई बिजली: मानसून पूर्व मेंटनेंस के बावजूद शहर की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में लगभग 250 ट्रांसफार्मर है। आंधी-पानी के साथ ही तार टूटने-घरेलू फाल्ट सहित ट्रांसफार्मर में खराब आना रोजाना की बात हो गई है। अधिकारी बताते हैं कि ज्यादातर बिजली चमकने के कारण ट्रांसफार्मर फेल हो रहे हैं।

नगर में बीते सप्ताह अतरमुड़ा का पावर ट्रांसफार्मर गोपी टाकीज (कृष्णा डीपी), विनोबा नगर और रामबाग स्थित ट्रांसफार्मर अंधड़ के साथ बिजली चमकने से खराब हो गए, जिसे बदला गया। वहीं, विगत 3-4 दिनों से आकाशीय बिजली ने धांगरडीपा, गांधीनगर, जूटमिल बाईपास रोड श्रवण ढाबा स्थित ट्रांसफार्मरों को फेल कर दिया। चांदमारी-होमगार्ड के समीप ट्रांसफार्मर भी बिजली चमकने से खराब हो गया। बताया जाता है कि इस ट्रांसफार्मर से चांदमारी, मधुबनपारा, इंदिरानगर, रामभांठा, जोगीडीपा वार्ड में विद्युत सप्लाई होती है। जोगीडीपा व चांदमारी को छोड़ अन्य वार्डो में दूसरे फेस से बिजली सप्लाई की व्यवस्था है।

टैंकर से पानी सप्लाई: लगातार 3 दिनों से विद्युत व्यवस्था बाधित होने से इंदिरा नगर के सार्वजनिक नलों में पानी सप्लाई बंद है। लिहाजा, यहां निगम द्वारा प्रतिदिन टैंकर भेजकर पानी की व्यवस्था की जा रही है।

वाटर फिल्टर स्थित ट्रांसफार्मर खराब: बारिश के साथ जगह-जगह विद्युत समस्या से जूझ रहे बिजली विभाग के समक्ष मंगलवार को फिर एक नई समस्या आ गई, जब राजापारा-बाघ तालाब के कट फिल्टर प्लांट स्थित ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से नगर में शाम को पानी सप्लाई नहीं हो सकी। फिल्टर प्लांट से राजा पारा, मधुबनपारा, चांदनी चौक, सोनार पारा, धोबी पारा सहित पुरानी बस्ती में पानी सप्लाई होती है।

फाल्ट सुधारे जाने के साथ-साथ चांदमारी सहित अन्य स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जा रहे हैं।
-चंद्रशेखर सिंह, कार्यपालन यंत्री(संचार एवं सुधार), सीएसईबी रायगढ़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: