HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

टूट सकते हैं सैकड़ों मकान

जयपुर. अमानीशाह नाले में बने सैकड़ों मकानों पर टूटने का खतरा और बढ़ गया है। सरकार ने फिलहाल नाले में 70 मीटर की चौड़ाई में आ रहे अवैध निर्माणों को तोड़ने का अभियान जारी रखने को कहा है। सर्वे कराने के बाद इसकी चौड़ाई 150 मीटर तक बढ़ाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में मंगलवार को हुई जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए), नगर निगम और राजस्थान आवासन मंडल की समन्वय बैठक में अमानीशाह नाला सफाई अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुनील अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि पहले सर्वे करवाकर इस बात का पता लगाया जाए कि यदि 150 मीटर की चौड़ाई में अतिक्रमण हटाए जाते हैं तो कितने लोग प्रभावित होंगे। आबादी क्षेत्र में इसकी चौड़ाई कम भी रखी जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि इन दिनों जेडीए और नगर निगम ने संयुक्त रूप से अमानीशाह नाले में बने अवैध निर्माणों को तोड़ने का अभियान चला रखा है। अब तक कई मैरिज होम, व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर बुलडोजर चल चुका है। जयपुर शहर में पार्र्को के रखरखाव और सड़कों की मरम्मत को लेकर जेडीए, आवासन मंडल और नगर निगम में समन्वय स्थापित करने, सड़कों के लिए टेंडरों की प्रक्रिया तय करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि तीनों संस्थाएं यदि आपस में समन्वय से काम करें तो पैसा भी बचेगा और काम की गुणवत्ता भी अच्छी होगी।

बुलडोजर ने ढहाए 32 निर्माण
जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने मंगलवार को अमानीशाह नाले के बहाव क्षेत्र से एक आयरन फैक्ट्री, एक फार्म हाउस, 10 खाली मकान और 20 से ज्यादा चारदीवारियां ध्वस्त कीं। श्यामनगर के जनपथ पर अमानीशाह नाले के बीचों-बीच बन रही बहुमंजिला इमारत के निर्माता एरा कंस्ट्रक्शन कंपनी को भी जेडीए ने नोटिस जारी किया है। यह निर्माण स्वीकृत नक्शे के आधार पर नहीं हो रहा है।

जेडीए के अतिरिक्त आयुक्त हरिशंकर भारद्वाज के नेतृत्व में सुबह 11 बजे पहुंचे दस्ते ने गोपालपुरा बाइपास पर गुर्जर की थड़ी से पहले पुलिया के नीचे कार्रवाई शुरू की। यहां दो माह पहले हुई कार्रवाई के बाद फिर अतिक्रमण हो गए थे। इसके बाद बहाव क्षेत्र में करीब 20 भूखंडों की चारदीवारियां हटाई र्गई। इनमें नाले के बीचों-बीच बनाए गए सौंखिया फार्म हाउस की चारदीवारी भी शामिल थी। इसके बाद बहाव क्षेत्र में बने करीब दस खाली मकानों को बुलडोजर ने ढहा दिया।

विरोध जारी : जेडीए की कार्रवाई का विरोध जारी है। मंगलवार को गुर्जर की थड़ी के पास नाले में बसी कॉलोनियों के लोगों ने प्रदर्शन किया, कुछ देर के लिए यातायात भी रोका व मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। लोगों ने जेडीए से पूछा कि नाले की कितनी चौड़ाई में आ रहे मकानों को हटाया जाएगा तथा बहाव क्षेत्र का सेंटर प्वाइंट कहां माना गया है?





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: