अजमेर. उर्स को देखते हुए दरगाह में बुधवार को भी आस्ताना शरीफ की खिदमत रात को हुई। मजार शरीफ पर चढ़ाया गया संदल 3 जुलाई को उतारा जाएगा।
सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज का उर्स चांद नजर आने पर विधिवत रूप से 4 या 5 जुलाई से शुरू होगा। लेकिन 25 जमादिउस्सानी के बाद से ही आस्ताने की दिन में होने वाली खिदमत बंद हो गई है। रात को नौ बजे आस्ताना शरीफ खिदमत के लिए बंद कर दिया गया।
लगगभ दस बजे तक खिदमत चली और इसके बाद आस्ताना सुबह साढ़े चार बजे तक मामूल कर दिया गया। चांद रात से आस्ताना शरीफ के खुलने, बंद होने और गुस्ल का वक्त भी बदल जाएगा। अंजुमन सैयदजादगान सचिव सैयद महमूद-उल-हसन चिश्ती के मुताबिक 28 जमादिउस्सानी अर्थात 3 जुलाई को रात को मजार शरीफ पर साल भर चढ़ाया गया संदल उतारा जाएगा। 4 जुलाई को अलसुबह जायरीन के लिए जन्नती दरवाजा खोल दिया जाएगा।
महफिलखाना की तैयारियां
उर्स के दौरान दरगाह दीवान सैयद जैनुअल आबेदीन की महफिल को देखते हुए परिसर स्थित महफिल खाना की सफाई शुरू हो गई है। चांद रात तक महफिल खाना पूरी तौर पर तैयार हो जाएगा।
सजने लगी दुकानें
4-5 जुलाई से शुरू होने वाले उर्स को देखते हुए देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले अस्थायी दुकानदारों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। देहलीगेट और गंज समेत आसपास के क्षेत्रों में अस्थायी दुकानें सजने लगी हैं।
देहलीगेट, कमला बावड़ी, गंज और चमार घाटी तक रास्ते के दोनों ओर लगने वाली अस्थायी दुकानों का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को देर रात तक ट्रकों में आया सामान उतारा जा रहा था। इधर इन क्षेत्रों में मौजूद स्थायी दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें खाली कर अस्थायी दुकानदारों को किराए पर देना शुरू कर दिया है। कमला बावड़ी क्षेत्र में उर्स अवधि के लिए दुकान का किराया लगभग 20 हजार रुपए तक लिया जा रहा है। फुटपाथों पर दुकान लगाने के लिए आने वाले दुकानदारों से महंगा किराया वसूल किया जा रहा है।
लाउडस्पीकर लगने शुरू
दरगाह और आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 200 लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। इनके लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। दरगाह परिसर और निजामगेट पर लाउडस्पीकर लगाए जा चुके हैं। दरगाह बाजार, नला बाजार और अंदरकोट क्षेत्र में भी स्पीकर लगाए जाएंगे।
जायरीन को विभिन्न रस्मों की जानकारी देने, जिला प्रशासन की विभिन्न सूचनाएं देने और परिवारजनों से बिछुड़ जाने वाले लोगों को इसके जरिये सूचना दी जाएगी।
बेरिकेडिंग शुरू
जिला प्रशासन ने भी दरगाह क्षेत्र में तैयारियों को अंतिमरूप देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को दरगाह बाजार में बेरिकेडिंग का काम शुरू हुआ और मोती कटला चौक में लगने वाले प्रशासनिक शिविर की तैयारियां भी शुरू हरुई। दरगाह बाजार में धानमंडी से लेकर निजामगेट के सामने तक बैरिकेडिंग लगाई गई हैं। देर रात तक नगर परिषद के कर्मचारी बैरिकेडिंग लगाने में जुटे हुए थे। मोती कटला में शामियाना लगाने का काम शुरू हो गया है। यहां 3-4 जुलाई से प्रशासनिक शिविर की शुरूआत हो जाएगी।
अस्थायी टेलीफोन बूथ खुलेंगे
बीएसएनएल उर्स में आने वाले जायरीन की सुविधा के लिए शहर में चार अस्थाई टेलीफोन बूथ खोलेगा। उप महाप्रबन्धक कुंजबिहारी शर्मा ने बताया कि उर्स में जायरीन को लोकल टेलीफोन, एसटीडी व आईएसडी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तीनों विश्राम स्थलियों (कायड़, पुष्कर रोड व ट्रांसपोर्ट नगर) में एक-एक तथा दरगाह में एक अस्थाई बूथ लगाया जाएगा। 5 से 14 जुलाई तक संचालित होने वाले इन अस्थाई बूथों पर निगम के कर्मचारी 24 घंटे सेवाएं देंगे।