कोटा.
कोटा से विमान सेवा शुरू करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को मिलने वाली सिक्योरिटी क्लियरेंस में आ रही बाधाओं को दूर करने पर प्रशासन व एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच सहमति हो गई है। इससे पूर्व मंगलवार को यहां पहुंचे दिल्ली व जयपुर से एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के दल ने कलेक्टर व अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की। दल ने प्रशासन के सामने कई प्रस्ताव रखे, जिन्हें स्वीकार कर लिया गया। इसकी रिपोर्ट एयरपोर्ट हाई अथॉरिटी भेजी जाएगी।
पुनर्वास से हटेंगे अतिक्रमण : प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जो प्रस्ताव दिए गए हैं, उनकी क्रियान्विति शुरू कर दी गई है। सबसे बड़ी समस्या द्वारका बावड़ी के सौ अतिक्रमियों को हटाने की है। उनका समझाइश से पुनर्वास करके हटाया जा रहा है। इसके लिए फार्म भरवाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
सुरक्षा प्रबंधों के लिए प्रस्ताव तैयार : एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि वार्ता में प्रशासन का सकारात्मक रूख रहा है। यदि इसके आधार पर कार्य हुआ तो कोटा से शीघ्र ही विमान सेवा शुरू हो जाएगी।
सिक्योरिटी क्लियरेंस पर सहमति : एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रबंधों के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद इसे फाइनल किया जाएगा।
सुरक्षाबल की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को बैठक में एयरपोर्ट अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षाबल की मांग रखी। इस पर निर्णय लिया कि लंबे समय तक पुलिस को यहां तैनात नहीं किया जा सकता, इसलिए सुरक्षाबल उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजकर स्वीकृति ली जाएगी।
आस-पास की जमीन एयरपोर्ट को
एयरपोर्ट व रनवे के आस-पास की खाली पड़ी जमीन को एयरपोर्ट को आबंटित करने के बारे में अधिकारियों के प्रस्ताव पर प्रशासन ने अपनी सहमति दे दी। इसके लिए पहले सर्वे करवाया जाएगा।