कराची.
तीन दिन के आराम के बाद भारतीय टीम एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 दौर में बुधवार को पाकिस्तान से खेलेगी। भारत अगर इस मैच जीत जाता है, तो उसका फाइनल में टिकट पक्का हो जाएगा। फाइनल की दूसरी टीम श्रीलंका है, जिसने बांग्लादेश को हरा फाइनल में जगह बनाई थी।
इस मुकाबले में मेजबान टीम अधिक दबाव में रहेगी, क्योंकि वह पहले भी ग्रुप मैच में टीम इंडिया से हार चुकी है और बुधवार की हार से वह खिताबी दौड़ से बाहर हो जाएगी। अब तक एशिया कप के सभी मैचों में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। रैना और गंभीर के साथ-साथ धोनी, युवराज व सहवाग फॉर्म में हैं।
तीन मैचों में दो शतक और एक अर्धशतक के साथ रैना इस एशिया कप में 301 रन बना चुके हैं। हालांकि भारतीय गेंदबाज रनों पर अंकुश लगाने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे की खोज माने जा रहे इशांत शर्मा का जादू फीका पड़ता जा रहा है। टीम के दूसरे तेज गेंदबाज आरपी सिंह और प्रवीण कुमार भी विपक्षी टीमों में कोई खलबली नहीं पैदा कर पा रहे हैं।
मलिक- आफरीदी का खेलना तय नहीं : पाक कोच लॉसन ने कहा कि कप्तान शोएब मलिक का डिहाइड्रेशन के कारण खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है। आफरीदी व वहाब रियाज के स्थान पर नासिर जमशेद व रउफ का खेलना तय माना जा रहा है।
फिट हैं इरफान : भारतीय खेमे के लिए अच्छी खबर यह है कि इरफान पठान फिट हो गए हैं, हालांकि उन्हें एकादश में शामिल करने के बारे में अभी फैसला नहीं हुआ है।