इंदौर. इंदौर के जीतू पटवारी मप्र युवक कांग्रेस के नए अध्यक्ष होंगे। इंदौर के किसी नेता को लंबे अंतराल के बाद यह पद मिला है। मंगलवार रात कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने श्री पटवारी को इस मनोनयन की सूचना दी। नए अध्यक्ष टेलेंट हंट के माध्यम से श्री गांधी द्वारा तैयार किए जा रहे कैडर की प्रथम पंक्ति के नेता है।
दो साल पहले मीनाक्षी नटराजन को नेहरू युवा केंद्र का उपाध्यक्ष बनाये जाने के बाद से ही प्रदेश युवक कांग्रेस का अध्यक्ष पद रिक्त पड़ा था। पिछले कुछ महीनों से नए अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक हल्कों में काफी गहमागहमी थी।
अलग अलग स्तर पर हुई छटनी के बाद जो पांच नाम इस दौड़ में बचे थे उनमें श्री पटवारी के अलावा विधायक प्रियव्रत सिंह व निशीथ पटेल, झाबुआ के जेवियर मेंड़ा, महू के मृणाल पंत के नाम शामिल थे। खुद राहुल गांधी ने दो बार इन लोगों के साक्षात्कार लिये और मंगलवार रात फैसला सुनाया।
इस पद पर श्री पटवारी के मनोनयन की संभावना चार दिन पहले उस समय क्षीण हो गयी थी जब महू के निवासी और पिछड़ा वर्ग से ही ताल्लुक रखने वाले योगेश यादव को प्रदेश कांग्रेस सेवादल का मुख्य संगठक नियुक्ति किया गया था।
तब से यह माना जा रहा था अब यह पद अनुसूचित जनजाति के किसी नेता के खाते में जाएगा और संभवत: जेवियर मेड़ा नए अध्यक्ष होंगे लेकिन कांग्रेस महासचिव की व्यक्तिगत पसंद के चलते श्री पटवारी यह पद पाने में सफल हुए।