HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

अपने आप जलेंगी और बुझेंगी स्ट्रीट लाइट

शिवपुरी. शहर में स्ट्रीट लाइट(पथ प्रकाश) व्यवस्था पर होने वाली फिजूल खर्ची रोकने के लिए टाइमर लगाए जाएंगे। इनकी मदद से न केवल स्ट्रीट लाइट समय पर जलेगी बल्कि वे अपने आप तय समय पर बुझ जाएंगी। यह प्रयोग शिवपुरी नगरपालिका करने जा रही है और इसके लिए लघु उद्योग निगम मध्यप्रदेश के जरिए टाइमर खरीदने की तैयारी की जा रही है।

शहर में 3 हजार से अधिक सोडियम लैंप, हैलोजन और ट्यूबलाइट हैं, जो पथ प्रकाश के लिए विभिन्न विद्युत पोलों पर स्थापित हैं। नगर पालिका स्ट्रीट लाइट जलाने के एवज में हर माह विद्युत मण्डल को करीब 8 लाख रुपए का भुगतान करती है। लेकिन यह एक सच्चई है कि इसकी तुलना में पथ प्रकाश के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बिजली आधी होती है।

इसकी वजह यह है कि विद्युत मण्डल की लापरवाही के कारण न ही ठीक समय पर स्ट्रीट लाइट जल पाती है और न ही वे समय पर बंद की जाती हैं। यही नहीं शहर के कई उपभोक्ता बिजली चोरी करने के लिए स्ट्रीट लाइट के तार पर सीधे तार डालकर चोरी करते हैं और इसका खामियाजा नगर पालिका को अतिरिक्त भुगतान कर चुकाना पड़ता है।

इस चोरी को रोकने और स्ट्रीट लाइट को समय पर जलाने और बुझाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका शीघ्र ही 10 स्ट्रीट लाइट, सोडियम लैंप और हैलोजन के बीच एक टाइमर के हिसाब से पूरे शहर में प्रथम चरण में 50 टाइमर लगाएगी। ये टाइमर नगर पालिका द्वारा तय किए गए समय पर स्ट्रीट लाइट को जलाएंगे और तय समय पर ही बंद करेंगे।

नगर पालिका अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर का कहना है कि स्ट्रीट लाइट के एवज में नगर पालिका विद्युत मण्डल को प्रतिमाह 8 लाख रुपए का भुगतान करती है लेकिन कई मार्गो और कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट समय पर न जलने के कारण अंधेरा पसरा रहता है।

इसके अलावा एबी रोड समेत कई इलाकों में मण्डल की लापरवाही के कारण दिन के उजाले में भी स्ट्रीट लाइट जलती रहती हैं, इससे नगर पालिका को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है लेकिन इसे रोकने के लिए टाइमर का इस्तेमाल किया जाएगा।

ये टाइमर लघु उद्योग निगम मध्यप्रदेश के जरिए क्रय किए जाएंगे और प्रथम चरण में 7 हजार 790 रुपए की दर से 50 टाइमर खरीदे जाएंगे। इनकी सफलता के बाद पूरे शहर में टाइमर द्वारा ही स्ट्रीट लाइट जलेंगी और बुझेंगी। इसके लिए मानव संसाधन की आवश्यकता नहीं होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: