हिसार. चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस पर मंगलवार को सेक्टर 13 स्थित कार्यालय में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त दीप्ति उमाशंकर ने किया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त ने कहा कि सीए वर्ग समाज का बुद्धिजीवी वर्ग है तथा देश के विकास में अहम भूमिका निभाता है। देश की आर्थिक प्रगति में आईसीएआई और इसके सदस्यों का बड़ा योगदान रहा है।
हिसार में 200 से अधिक सदस्य
कार्यक्रम में हिसार सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए एसपी गोयल ने आईसीएआई पर बोलते हुए कहा कि भारत में 145000 चार्टर्ड अकाउंटेंटस हैं। आईसीएआई विश्व का दूसरा सबसे बड़ा प्रोफेशनल बॉडी है। उन्होंने बताया कि हिसार ब्रांच में 200 से अधिक सदस्य तथा 500 से अधिक सीए के विद्यार्थी हैं।
बताया इतिहास
उन्होंने बताया कि सीए के डायमंड जुबली के उपलक्ष्य में 30 जून 2009 तक वर्ष भर तक हर ब्रांच में विशेष प्रोग्राम किए जाएंगे। सीए ब्रांच हिसार के सचिव सीए राजेश महता ने बताया कि इस दिन वर्ष 1949 में इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटस की स्थापना हुई थी। इंस्टीट्यूट अपना 59वां स्थापना दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर सचिव ने कहा कि सीए कर्मभूमि पर चलते हुए उद्देश्यों को पूरा करते हैं तथा नई इच्छाओं को जन्म देते हैं। कार्यक्रम में सीएमओ सामान्य अस्पताल डॉ. पीएस धवन, एसएमओ सामान्य अस्पताल डॉ. सुशील मोदी एवं सेकेट्ररी रेडक्रास सोसायटी रविंद्र लोहान उपस्थित विशेष रूप से उपस्थित थे।
रक्तदान शिविर आयोजित
चार्टर्ड एकाउंटेंट-डे के डायमंड जुबली के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। खासकर सीए परिवारों ने ब्लड डोनेशन में खासी रुचि दिखाई। जिला उपायुक्त ने इंस्टीट्यूट द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप की सरहाना करते हुए कहा कि इस सामाजिक तथा नेक कार्य के लिए हर वर्ग को आगे आना चाहिए।