हिसार. नाबालिग लड़की भगाने के आरोपी नवदीप कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय विकास का जला हुआ शव सिविल लाइन पुलिस ने मंगलवार सुबह सेक्टर 9-11 से बरामद किया। पुलिस व मृतक के परिजनों का मानना है कि उसने आत्महत्या की है।
पुलिस को सुबह फोन पर मिली शव होने की सूचना
सुबह किसी ने फोन कर सिविल लाइन प्रभारी भगवान दास को बताया कि सेक्टर 9-11 में एक जला हुआ शव पड़ा है। थाना प्रभारी एएसआई वेदसिंह व अन्य के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। बाद में नवदीप कॉलोनी निवासी एवं बीएंडआर विभाग के कर्मचारी नफेसिंह ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त अपने बेटे विकास के रूप में की।
खाली पीपी-माचिस भी मिली
शव के साथ ही प्लास्टिक की पांच किलो वाली एक खाली पीपी, एक माचिस और एक हवाई चप्पल पड़ी थी। नफेसिंह ने बताया कि विकास गलत संगत का शिकार हो गया था। उसकी लगातार शिकायतें मिलने से उसने अपने बेटे को एक माह पहले बेदखल कर दिया था। उसके बाद वह कहां रह रहा था, उसे नहीं पता। उसने आत्महत्या कर ली है।
सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वेदसिंह ने बताया कि युवक ने खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह किया है। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में किया गया।
>> विकास ने आत्महत्या की है, उसके परिजनों ने किसी के खिलाफ भी शिकायत नहीं दी है। आजाद नगर के एक व्यक्ति ने विकास के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का केस दर्ज करा रखा है। उन्हें लड़की के बारे में कुछ नहीं पता।
भगवान दास, एसएचओ सिविल लाइन, हिसार
घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार युवक ने डीजल छिड़क कर किया आत्मदाह
आजाद नगर की लड़की को भगा ले जाने का आरोप है
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया हुआ है
पिता ने कहा कि बेटे को कर रखा था पहले से ही बेदखल