हिसार.
जिले के मलापुर गांव में मंगलवार शाम विवाहिता तीजा देवी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अग्रोहा थाना पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव में सनसनी फैल गई और लोग हालचाल जानने महिला के घर एकत्रित होने लगे।
हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन तीजा देवी की ननद मंगाली निवासी रोशनी देवी ने बताया कि उसकी भाभी शाम करीब 6 बजे पड़ोसी सुभाष के घर टोंटी पर पानी भरने गई थी।
वह वहां से वापस लौट रही थी कि एक व्यक्ति ने पीछे से पिस्तौल से उस पर गोली दाग दी। गोली चलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। वह गोली मारकर फरार हो गया। तीजा देवी को गोली सीने में दाईं तरफ लगी।
पीजीआई रेफर किया
गंभीर अवस्था में उसे तुरंत एक वाहन में सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे नगर के सपरा अस्पताल में दाखिल कराया, जहां देर रात तक उसकी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया।
परिवारिक कलह कारण
रोशनी देवी ने बताया कि उसकी भाभी पर आपसी कलह को लेकर हमला किया गया है। बंटवारे के समय भी उस व्यक्ति से उसके भाई सुंदर की कहासुनी हुई थी। अग्रोहा थाना पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।