रोहतक. राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में पंडित बीडी शर्मा यूनिवर्सिटी आफ हेल्थ साइंस के वीसी डा. सुखबीर सिंह सांगवान को मेडिकल क्षेत्र के सर्वोच्च पुरस्कार डा. बीसी राय नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया। यूनिवर्सिटी बनने से पूर्व डा. सांगवान पीजीआईएमएस रोहतक में एमएस, डीन व डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इसके अलावा डा. सांगवान 1997-98 में अमेरिकन बायोग्राफिकल इंस्टीट्यूट द्वारा इंटरनेशनल मैन आफ द इयर, 1994 में कामनवेल्थ फैलोशिप, 1988 में जोनसन फैलोशिप, 1994 में डा. सीएल साहनी अवार्ड, 2004 में एसएन बख्शी अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। अवार्ड मिलने के बाद डा. सांगवान ने कहा कि वह बेहद खुश हैं और भविष्य में भी पूरी ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी करते रहेंगे।
परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं. पुरस्कार मिलने के बाद उनकी पत्नी व स्त्री रोग विभाग की पूर्व अध्यक्ष डा. कृष्णा सांगवान ने ‘भास्कर’ के साथ बातचीत में बताया कि वह बेहद खुश हैं। देश की राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने से बड़ी खुशी क्या हो सकती है। हर आदमी का सपना होता है कि वह कुछ अलग करके दिखाए। डा. सांगवान ने मेडिकल क्षेत्र में पूरी ईमानदारी से कार्य किया और पुरस्कार हासिल किया।
14 वां स्थान दिलाया मेडिकल कालेज को
डा. सांगवान ने डायरेक्टर के पद पर रहते हुए मेडिकल कालेज को देशभर में १४वां स्थान दिलाया। इस बात का उल्लेख यूएसए की एक संस्था द्वारा प्रकाशित द वाल स्ट्रीट जरनल व सी-फोर नई दिल्ली द्वारा किए गए सर्वे में किया गया है। डा. सांगवान ने अपने कार्यकाल में फार्मेसी कालेज, विभिन्न विभागों में डीएनबी सुविधा, फिजियोथैरेपी कालेज व नई मशीनें को शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य रहे हैं।