गोहाना (सोनीपत). गांधी नगर में रहने वाले एक 65 वर्षीय व्यक्ति की उसकी पत्नी ने तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सिकन्दरपुर माजरा निवासी चन्द्रभान, उसकी पत्नी शकुन्तला, पुत्र विजय व पुत्रवधू कमला गांधी नगर में रह रहे थे।
घर में बने तीन कमरों में से एक में स्वयं चन्द्रभान एक कमरे में शकुंतला तथा तीसरे कमरे में पुत्र विजय अपनी पत्नी के साथ रहता था। रविवार रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इससे खफा शकुंतला सोमवार को अपने लड़के विजय के साथ शहर थाना पहुंची और चंद्रभान की शिकायत की।
पुलिस ने पति-पत्नी के का विवाद करार देकर उसे घर भेज दिया। लेकिन शकुंतला का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने पति की तेजधार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। उसके बाद उसने हत्या में प्रयोग किया गया हथियार उसके शव के पास ही छोड़ दिया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार शकुंतला ने कबूल किया कि हत्या उसी ने की है। डीएसपी बदनसिंह राणा ने भी मौके का मुआयना किया। मृतक के पुत्र विजय के बयान पर पुलिस ने शकुंतला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
>> शकुंतला ने सोमवार की रात अपने पति की हत्या की थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे जांच कर रही है।
डीएसपी बदनसिंह राणा