Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
फिल्म ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ के असफल होने से यशराज फिल्म्स को ‘टशन’ के बाद इस साल एक और झटका लगा है। इस फिल्म की रिलीज के पहले निर्माता आदित्य चोपड़ा और निर्देशक कुणाल कोहली को उम्मीद थी कि उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाएगी, लेकिन छुट्टियों में रिलीज होने के बावजूद फिल्म को दर्शक नहीं मिले। अब निर्माता-निर्देशक इसकी असफलता का ठीकरा एक-दूसरे के सिर पर फोड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी फिल्म से कुणाल ने बतौर निर्माता बॉलीवुड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने सोचा था कि यशराज बैनर का मैजिक और रानी मुखर्जी-सैफ अली खान की जोड़ी फिल्म को हिट कराने के लिए काफी रहेगी लेकिन अफसोस ऐसा हो नहीं सका। फिल्म के फ्लॉप होने पर जहां आदित्य इसकी खराब कहानी और निर्देशन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं कुणाल का कहना है कि इसकी वजह खराब पब्लिसिटी है।
सूत्रों की मानें तो ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ की शुरुआत तो अच्छी रही थी, मगर तीसरे दिन इसके कलैक्शन्स गिरने शुरू हो गए। ओवरसीज में तो इसका हाल ‘टशन’ से भी बुरा था। इस फिल्म को प्रचारित तो फैमिली फिल्म करके किया गया था लेकिन इसके एक गीत ‘लेजी लम्हे’ में स्वीमिंग पूल में अमीषा पटेल के डांस को देखकर बच्चे तो क्या बड़ों को भी शर्म आ गई।
फिल्म विश्लेषकों का कहना है कि ऐसा गीत अगर कुणाल अपनी इस फैमिली फिल्म की बजाय ‘हम तुम’ या ‘फना’ में फिल्माते तो ज्यादा बेहतर रहता। जब फिल्म के फ्लॉप होने के बारे में कुणाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी फिल्म की रिलीज को एक हफ्ता भी पूरा नहीं हुआ है और वे इसके कलैक्शन्स का इंतजार करेंगे। इसके बाद ही कुछ कह पाएंगे।