जम्मू. जम्मू में कफ्यरू के बावजूद आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा बुधवार को भी जारी रही और 1,672 तीर्थयात्रियों का नया जत्था बालटाल व पहलगाम की ओर रवाना किया गया। इस बीच, अमरनाथ यात्रा के दौरान बुधवार को मध्यप्रदेश व जम्मू के दो तीर्थयात्रियों की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
मप्र के अमित पाटील (75) की जम्मू लौटते वक्त बनिहाल में मौत हुई। वहीं जम्मू निवासी संजय टाक (36) ने अमरनाथ गुफा के समीप दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस साल अमरनाथ यात्रा के दौरान मरने वाले लोगों की संख्या 32 हो गई है।
घट सकती है संख्या जम्मू क्षेत्र में जारी विरोध प्रदर्शनों और अमरनाथ की गुफा में शिवलिंग के घटते आकार को देखते हुए आने वाले दिनों में बर्फानी बाबा के दर्शनार्थियों की संख्या में निरंतर कमी आने की संभावना जताई जा रही है। अमरनाथ यात्रा 16 अगस्त को समाप्त होनी है, लेकिन शिवलिंग के उससे पहले ही पिघल जाने की आशंका है।
बीते सालों में देखने में आया है कि शिवलिंग का आकार कम होने के साथ ही तीर्थयात्रियों की संख्या भी घटने लगती है। इस माह छड़ी मुबारक यात्रा भी शुरू होनी है, लेकिन इसमें साधुओं की संख्या ही अधिक रहती है।