कानपुरभाजपा ने बुधवार को यह संकेत दिए है कि अगर वाम दल यूपीए सरकार के समर्थन वापस लेते है तो पार्टी सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कानपुर में एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यदि लेफ्ट केंद्र से समर्थन वापस लेता है तो हम यूपीए को लोकसभा में बहुमत साबित करने को कहेंगे।
हालांकि भाजपा सूत्रों के अनुसार अभी तक पार्टी में इसको लेकर अभी कोई चर्चा नहीं की गई है लेकिन ऐसा माना जाता है कि समर्थन की औपचारिक घोषणा होने के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा। लोकसभा में लेफ्ट के 61 सांसद है अगर वे समर्थन वापस लेते है तो यूपीए सरकार मुश्किल में घिर सकती है।
इससे पहले परमाणु करार को लेकर वाम लगातार धमकी देता रहा है कि अगर सरकार मुद्दे पर आगे बढ़ती है तो समर्थन वापस ले लिया जाएगा। इनके बीच कांग्रेस सपा के संपर्क में है ताकि सरकार पर से खतरा टाला जा सके। गौरतलब है कि लोकसभा में सपा के 39 सांसद हैं।