भोपाल. मप्र प्रशिक्षण संचालनालय ने इस वर्ष से आईटीआई में प्रवेश की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए वेबसाइट शुरू की है। अब कोई भी प्रशिक्षणार्थी इंटरनेट पर बैठकर प्रदेश की किसी भी आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेगा। इससे प्रवेश के लिए यहां-वहां नहीं जाना पड़ेगा।
प्रशिक्षण संचालनालय भोपाल जोन के संयुक्त संचालक डीएस ठाकुर ने बताया कि संचालनालय की वेबसाइट डब्लू डब्लू डब्लू.एमपीडीटी.एनआईसी.काम पर सर्च कर प्रशिक्षणार्थी मनपसंद आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया 16 जून से शुरू है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बड़ी संख्या में आईटीआई को अपग्रेड किया गया है। संस्थानों में जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, वहीं नए ट्रेड एवं मशीनों के पुर्जे भी बदले गए हैं। प्रशिक्षार्थी डाक द्वारा भी आवेदन भेज सकता है।
ऐसे करें आवेदन: ऑनलाइन आवेदन करते समय पोस्टल आर्डर का नंबर भरना होगा। इसके बाद भरे हुए आवेदन के प्रिंट एवं पोस्टल आर्डर की फोटो कापी संबंधित आईटीआई को भेजना होगा। प्रवेश की अंतिम तिथि 5 जुलाई है।
ढाई करोड़ की राशि मिली : इस वर्ष आईटीआई को अपग्रेड करने के लिए प्रत्येक आईटीआई को ढाई करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। प्रदेश की कुल 36 आईटीआई का अपग्रेडेशन किया गया है। इनमें से 21 आईटीआई का अपग्रेडेशन निजी साझेदारी में एवं 15 आईटीआई का अपग्रेडेशन सेंटर आफ एक्सीलेंस के तहत हुआ है। यह राशि विश्व बैंक ने दी है। इस राशि पर 25 साल तक कोई ब्याज नहीं लगेगा।
फैक्ट फाइल :
प्रवेश की अंतिम तिथि
पांच जुलाई
प्रदेश में कुल आईटीआई
151
महिला आईटीआई की संख्या
13
कितने प्रशिक्षणार्थी आवेदन करते हैं
एक लाख
छोटी आइटीआई में ट्रेडों की संख्या
पांच
बड़ी आईटीआई में ट्रेडों की संख्या
10
एक वर्षीय कोर्स का शुल्क
एक हजार रुपए
दो वर्षीय कोर्स का शुल्क
दो हजार रुपए
कुल अपग्रेड आईटीआई की संख्या
36