जयपुर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से मंगलवार को घोषित किए गए दसवीं के परीक्षा परिणाम में फेल होने पर प्रदेश में पांच छात्राओं व एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। जयपुर में आत्महत्याओं की घटना हरमाड़ा तथा मालवीय नगर इलाके में हुई। इसके अलावा प्रदेश में राजगढ़ व ब्यावर की दो छात्राओं ने आत्महत्या कर ली। पाली के सुमेरपुर कस्बे के प्रवीण (17) ने भी इंटरनेट पर परिणाम देखते ही घर जाकर जहर खा लिया।
पुलिस ने बताया कि हरमाडा इलाके में नांगल जैसा बोहरा में रहने वाली बबीता (18) ने मंगलवार रात को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बबीता दसवीं में तीसरी बार फेल हो गई थी। परिणाम आने के बाद मंगलवार शाम को वह घर से मम्मी को यह कहकर निकली थी कि अगर फेल हो गई तो वह वापस नहीं आएगी। इसके बाद उसने इंटरनेट पर परीक्षा परिणाम देखा। फेल होने पर बैनाड स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
बबीता के पिता और भाई सेना में है, जिनको सूचना दे दी गई है। जो गुरुवार तक जयपुर पहुंचेगे। बबीता के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौप दिया। मालवीय नगर इलाके में गणोश विहार कॉलोनी जगतपुरा में रहने वाली बीना मीणा (17) ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी सवाई मानसिंह अस्पताल में मौत हो गई। बीना मीणा दूसरी बार दसवीं की परीक्षा दी थी।
परीक्षा में बीना का छोटा भाई नरेश पास हो गया था। मंगलवार शाम को जब उसको पता चला कि वह परीक्षा में फेल हो गई तो घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
राजगढ संवाददाता के अनुसार दसवीं में फेल होने पर अलवर के राजगढ़ थाना इलाके में माली मौहल्ला में रहने वाली रजनी सैनी ने खुद पर कैरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। गंभीर रूप से झुलसी रजनी को उपचार के लिए जयपुर सवाई मानसिंह अस्पताल में रैफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अजमेर के पास व्यावर में रहने वाली ज्योति तीसरी बार दसवीं में फेल हो गई। जिस पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बारां के तालेडा थाना इलाके में जटा शंकरी ने मंगलवार शाम को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसकी मौत हो गई।
छात्र-छात्रा की हालत में सुधार
कोटा के रावतभाटा तथा किशोरपुरा इलाके में दसवीं में फेल होने पर मंगलवार देर रात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिनको अचेतावस्था में कोटा के राजकीय एमबीएस अस्पताल मे भर्ती कराया। जहां उनकी हालत सामान्य है।
पुलिस ने बताया कि रावतभाटा के जालखेडा गांव निवासी महावीर (19) तथा किशोरपुरा निवासी रेखा (19) ने परीक्षा परिणाम में फेल होने की जानकारी मिलने केबाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।