भोपाल. सीबीआई की टीम ने बुधवार की शाम भोपाल स्टेशन मैनेजर और असिस्टेंट यार्ड मास्टर को सफाई कर्मचारी ठेकेदार से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक एक्वा क्लीनिंग के संचालक मनीष गंगाले के पास रेलवे से भोपाल स्टेशन की सफाई का ठेका है। श्री गंगाले ने सीबीआई में शिकायत की थी कि स्टेशन मैनेजर एसआर मीना उनसे 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
सीबीआई की टीम ने श्री गंगाले की शिकायत पर रिश्वतखोरों को घेरने की रणनीति तैयार की थी। बुधवार की शाम श्री गंगाले के 10 हजार रुपए पर सीबीआई ने पावडर लगाकर उन्हें स्टेशन मैनेजर कार्यालय भेजा था।
स्टेशन मैनेजर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए सीबीआई के एएसपी मनीष श्रुति के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अतुल हजेला, इंस्पेक्टर राजेश गुरु और इंस्पेक्टर रीना शर्मा ने घेराबंदी की थी। जब श्री गंगाले श्री मीना के पास रुपए देने पहुंचे तो उन्होंने असिस्टेंट यार्ड मास्टर कमलेश चंद उन्याल को बुलाया।
कमलेश के आने पर स्टेशन मैनेजर ने रुपए उसे देने को कहा। श्री गंगाले के इशारा करते ही टीम ने एसआर मीना और कमलेश को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम स्टेशन मैनेजर और कमलेश से पूछताछ कर रही है।