भोपाल.
अमरनाथ श्राइन बोर्ड से जमीन वापस लेने और जम्मू-कश्मीर सरकार पर मुस्लिम कट्टरपंथियों द्वारा बनाए जा रहे दबाव के खिलाफ विहिप के भारत बंद के आव्हान पर गुरुवार को भोपाल भी बंद रहेगा।
इस बीच भाजपा ने विहिप के बंद का समर्थन करते हुए इसमें शिक्षण संस्थाओं को भी शामिल करने की बात कही है, लेकिन शिक्षा विभाग का साफ कहना है कि स्कूल बंद नहीं रहेंगे। अत्यावश्यक सेवाओं- पेयजल, अस्पताल, दवा की दुकानों को हड़ताल से मुक्त रखा गया है। उधर, प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
बंद के लिए समर्थन जुटाने बुधवार शाम विहिप कार्यकर्ताओं ने बाबा अमरनाथ के जयकारे लगाते हुए रैलियां निकाली और रोशनपुरा चौराहा पर सभा की। विहिप ने शहर में तीन स्थानों से वाहन रैलियां निकालीं। पुराना शहर के वीर सावरकर चौक स्थित परिषद कार्यालय, पिपलानी पेट्रोल पंप चौराहा और दस नंबर बस स्टाप क्षेत्र से ये रैलियां शाम चार बजे शुरू हुईं। इनमें बजरंग दल और भाजपा के भी कई कार्यकर्ता भी शामिल थे।
रैली में बाइकों और अन्य वाहनों पर भगवा झंडे लहरा रहे थे। विश्व हिंदू परिषद् के प्रांतीय मंत्री राजेश तिवारी ने पत्रकारों से कहा कि बंद को सफल बनाने के लिए विहिप और बजरंग दल ने व्यापक तैयारियां की हैं।
सह प्रचार प्रमुख देवेंद्र रावत का कहना है कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित भूमि जब तक वापस नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। विहिप ने दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, पेट्रोल पंप व नगर वाहन सेवाओं के संचालकों से बंद रखने की अपील की है।
विहिप की प्रमुख मांगें
कश्मीर में धारा 370 हटाई जाए।
देश भर के हज हाउसों को गरीबों के लिए अस्पताल बना दिया जाए।
हज यात्रा के लिए सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी तत्काल बंद की जाए।
काश्मीर को शीघ्र सेना के हवाले किया जाए।
बहुसंख्यकों की भावनाओं का जम्मू-काश्मीर और भारत सरकार आदर करे।
नगर वाहन सेवा पर असर
नगर वाहन सेवा और स्टार बसों के बंद रहने के बारे में कोई घोषणा इनके संघों ने नहीं की है, लेकिन बंद के आयोजकों ने इन वाहनों को बंद में शामिल किया है। ऐसे में संभावना है कि सुबह से दोपहर बाद तक नगर वाहन सेवा प्रभावित रहेगा।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
बंद को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 15 सौ जवान तैनात किए जाएंगे। राजधानी में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस मुख्यालय से सशस्त्र बल की पांच कंपनियां मिली है। जिसमें एसटीएफ और आरएएफ की एक-एक कंपनी शामिल हैं।
इसके अलावा जिले का पुलिस बल भी तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम मे रिजर्व में बल रहेगा जो विवाद की स्थिति बनने पर मौके पर भेजा जाएगा। आरएएफ की कंपनी और पुलिस की मोबाइल लगातार पेट्रोलिंग करेगी।
पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद का कहना है कि यदि कोई भी उपद्रव करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार की शाम पुलिस कंट्रोल रूम में हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा कर उन्हें शांतिपूर्वक बंद करने के लिए कहा गया है।
प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे
विश्व हिंदू परिषद द्वारा भारत बंद के आव्हान के चलते गुरुवार को राजधानी के अधिकांश प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। स्कूल संचालकों ने बच्चों की सुविधा और विहिप के सहयोगी दलों की चेतावनी के बाद यह निर्णय लिया है।
हालांकि जिला प्रशासन ने स्कूल बंद करने संबंधी आदेश जारी करने से इंकार किया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल और एमपी बोर्ड से संबद्ध राजधानी के स्कूल गुरुवार को बंद रखे जाएंगे। बजरंग दल द्वारा वाहन न चलने देने की चेतावनी के बाद स्कूल संचालकों ने यह निर्णय लिया है। वाहन न चलने देने की चेतावनी के बाद स्कूलों में देर शाम तक बैठकों का दौर चलता रहा। कई स्कूल संचालकों ने रात 10 बजे के बाद गुरुवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया।
खबर लिखे जाने तक सेंट जोसफ कोएड स्कूल, सेंट जोसफ कान्वेंट स्कूल इंदगाह हिल्स, कैंपियन, बालभारती, महर्षि विद्यामंदिर ग्रुप, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और मिठी गोविंदराम पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने गुरुवार को स्कूल बंद रखने की घोषणा कर दी है।
किडजी हाई स्कूल के डा. वीरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि उनका स्कूल भी बंद रहेगा। इसके अलावा मिशनरी के सभी स्कूलों के गुरुवार को ताले नहीं खुलेंगे। सीबीएसई स्कूलों के संगठन सहोदय ग्रुप के सचिव डा. राजेश शर्मा ने बताया कि सीबीएसई से संबद्ध राजधानी के 47 स्कूलों में से अधिकांश गुरुवार को बंद रहेंगे।
>> प्रशासन ने गुरुवार को स्कूल व कालेजों को बंद करने को लेकर कोई निर्देश नहीं दिए हैं। कोई निजी शैक्षणिक संस्था स्वेच्छा से स्कूल बंद रखती है, तो यह उसका अपना निर्णय होगा।
मनीष रस्तोगी कलेक्टर
>> यदि किसी स्कूल को जबरन बंद कराने की कोशिश की गई तो सूचना मिलने पर स्कूल को तत्काल सुरक्षा व संरक्षण दिया जाएगा।
रजनीश श्रीवास्तव एडीएम