जयपुर.अमरनाथ के यात्रियों की सुविधाओं के लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित जमीन को रद्द करने के विरोध में विश्वहिंदू परिषद ने गुरूवार को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल को राज्य में भाजपा, शिवसेना, भारतीय जनसंघ सहित विभिन्न संगठनों से व्यापक समर्थन मिल रहा है।
विहिप के जयपुर प्रांत अध्यक्ष नरपतसिंह शेखावत ने कहा कि हड़ताल के दौरान सभी शिक्षण संस्थाओं को बंद रखा जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल और कॉलेज नहीं भेजें जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। हड़ताल से आवश्यक सेवाओं चिकित्सा, बिजली और पानी को मुक्त रखा गया है।
भाजपा का समर्थन: गुरूवार को देशव्यापी हड़ताल को भाजपा ने पूर्ण समर्थन की घोषणा की है। भाजपा शहर ने हड़ताल को जयपुर में सफल बनाने के लिए शहर में कार्यकर्ताओं की वार्ड स्तर पर टोलियों का गठन किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और सांसद रामदास अग्रवाल ने कहा कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड को जो जमीन जम्मू कश्मीर ने दी थी, उसको वापस लेने के फैसले से हिंदू समाज को आघात लगा है। अग्रवाल ने चेताया कि जम्मू कश्मीर सरकार के इस निर्णय से न केवल कश्मीर बल्कि हिंदस्तान भर में जो परिणाम होंगे तो उसकी जिम्मेदारी जम्मू कश्मीर सरकार की ही होगी। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद किरण माहेश्वरी और सांसद गिरधारीलाल भार्गव ने जम्मू कश्मीर सरकार के श्राइन बोर्ड की जमीन वापस लेने के निर्णय की भत्र्सना की है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि जमीन का आवंटन को रद्द करना धर्म निरपेक्षता को चुनौती देने के समान है। ऐसा करके जम्मू कश्मीर सरकार ने मजहबी ताकतों के सामने घुठने टेक दिए है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनदास अग्रवाल ने आवंटित जमीन को वापस लेने के फैसले की कड़ी आलोचना की है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि देशव्यापी हड़ताल को महिला मोर्चा पूर्ण समर्थन देगी। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री हरीश केडिया ने देशव्यापी हड़ताल को व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से पूर्ण समर्थन की घोषणा की है।
भारतीय जन शक्ति ने देशव्यापी हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री सोहनलाल शर्मा और प्रवक्ता दीपक गुप्ता ने बताया कि पार्टी की सभी जिला इकाइयों को इस हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग के लिए कहा गया है। शिवसेना जयपुर शहर जिला प्रमुख किशोर सिंह ने विहिप के देशव्यापी हड़ताल को समर्थन की घोषणा की है। महराणा प्रताप सेना और राजपूत युवा मोर्चा ने विश्व हिंदू परिषद और भाजपा के देश व्यापी हड़ताल को समर्थन दिया है। भारतीय कामगार (शिव) सेना के जयपुर जिला प्रमुख गोविंद खंडेलवाल ने हड़ताल को समर्थन की घोषणा की है।
पंचायत समिति ताजियेदारान शहर, जयपुर के सचिव मिर्जा अशफाक बेग ने यहां बयान जारी कर कहा कि हिंदू भाइयों की अमरनाथ तीर्थ यात्रा के लिए दी गई सुविधाएं को वापस लेने से सारे मुसलमान नाराज है। उन्होंने जम्मू कश्मीर सरकार से आग्रह किया है कि इस फैसले को वापस लिया जाए। रेवासाधाम, सीकर के पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. राघवाचार्य अग्रपीठाधीश ने कहा कि पहले कश्मीर से लाखों लोगों को बाहर निकाला अब अमरनाथ यात्रा को रोककर शेष भारत को काटने का प्रयास किया जा रहा है। हिंदू महासभा की बुधवार को यहां हुई बैठक में विहिप के भारत व्यापी हड़ताल को समर्थन की घोषणा की गई। यह जानकारी जिला अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने दी।