इंदौर. शिक्षा सत्र के लगातार दूसरे दिन यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर आठ स्कूली बसों सहित 64 स्कूली वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जिनमें सात जब्त की गईं। यातायात पुलिस द्वारा बनाई गई नियमावली और सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश को पालन कराने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को भी सुबह छह बजे से प्रमुख चौराहों पर स्कूली वाहनों को रोककर पेपर्स आदि चेक किए।
डीएसपी (यातायात) अंजना तिवारी ने बताया मुहिम में एक स्कूली बस, तीन ऑटो रिक्शा, व तीन नगर सेवाएं जब्त की गईं जबकि सात बसें, 44 ऑटो रिक्शा, छह मारुति वैन सहित 57 वाहनों के चालान बनाए गए। इनमें अधिकांश वाहन खास तौर से रिक्शा और वैन क्षमता से अधिक बच्चे ढो रहे थे।
डीएसपी सुश्री तिवारी के मुताबिक 3 जुलाई से अभियान बड़े पैमाने पर चलेगा जिसमें ओवर लोडिंग के साथ ही प्रेशर हार्न, स्पीड गवर्नर आदि नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान स्कूली वाहनों के साथ ही सामान्य वाहनों के खिलाफ भी होगा।