इंदौर. अमरनाथ यात्रा पर रोक और जमीन के मुद्दे पर विश्व हिंदू परिषद ने गुरुवार को भारत बंद का आह्वान किया है जिसके तहत शहर में सुबह 6 से शाम 7 बजे तक दुकानें बंद रखने का आग्रह किया जाएगा। आरएसएस, भाजपा, बजरंग दल और अभा विद्यार्थी परिषद ने भी बंद का समर्थन किया है।
बजरंग दल के मालव प्रांत संयोजक प्रदीप गौर ने बताया हमने बंद का आह्वान किया है, चक्काजाम का नहीं। आवश्यक सेवाओं और जीवन रक्षक सुविधाओं को नहीं रोका जाएगा। कार्यकर्ताओं की टोलियां सुबह 6 बजे से सड़कों पर आ जाएंगी और व्यापारियों से प्रतिष्ठान नहीं खोलने का आग्रह करेंगी।
मालवा-निमाड़ में जिलों के प्रत्येक नगर और कस्बे में बंद कराया जाएगा। छोटे शहरों और कस्बों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक बंद रखा गया है। बंद को सर्वपंथ समादर मंच, हिंदू धर्म महासंघ, विभाग भारतीय मजदूर संघ, इंदौर मिल मजदूर संघ, विनोबा-तिलकनगर व्यापारी संघ ने भी समर्थन किया है।
पुलिस की बैठक : इंदौर बंद को लेकर पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में बुधवार शाम कंट्रोल रूम में एक बैठक हुई जिसमें कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, एसपी आर.के. चौधरी, निगमायुक्त नीरज मंडलोई, एडीएम रमेश भंडारी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
टॉकिजों में दोपहर का शो बंद
सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन ने भी बंद का समर्थन किया है। मानद सचिव जितेंद्र जैन ने बताया दोपहर 12 बजे का शो बंद रखेंगे।
कार्यकर्ताओं को दोपहर का भोजन
दोपहर में टोलियों के भोजन की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए मंदिरों व अन्य स्थानों सहित करीब 30 स्थलों पर भोजन बनाया जाएगा।
वाहन रैली से बंद का आगाज
बुधवार सुबह संघ द्वारा नियत चारों जिलों (इलाकों) से कार्यकर्ता वाहन रैली के रूप में करीब 10.30 बजे राजबाड़ा पहुंचे। वहां से करीब 50 कारें और 1000 दोपहिया वाहनों के साथ सभी कार्यकर्ता रीगल तिराहे पर पौने 11 बजे पहुंचे जहां सभा हुई। इसमें सत्यनारायण सत्तन और महंत लक्ष्मणदास महंत ने संबोधित किया। रीगल तिराहे पर बर्फ से बाबा अमरनाथ की प्रतिकृति भी बनाई गई थी।
हर वार्ड से निकलेंगी टोलियां
अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए आवंटित जमीन वापस लिए जाने के विरोध में 3 जुलाई को विहिप के भारत बंद का भाजपा ने भी समर्थन किया है। नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, महामंत्री उमेश शर्मा, सूरज कैरो व मुकेशसिंह राजावत के अनुसार कार्यकर्ता जगह-जगह जाकर व्यापारियों से बंद का आग्रह करेंगे।
इस संबंध में बुधवार को जावरा कम्पाउंड स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक भी हुई। पार्टी के सभी नौ मंडल केंद्रों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं जहां से कार्यकर्ता बंद व प्रदर्शन की गतिविधियां संचालित करेंगे। बंद सुबह छह से शाम छह बजे तक रहेगा। उधर, बंद के समर्थन में विहिप द्वारा बुधवार को निकाली गई रैलियों में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
समर्पण का अरोप
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए आवंटित जमीन वापस लेने के मामले में भाजपा ने वहां की सरकार पर अलगाववादियों के समक्ष आत्मसमर्पण का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर ने एक बयान में कहा है इस बहाने सरकार ने जम्मू-कश्मीर में बचीखुची सांस्कृतिक एकता को नष्ट करने की साजिश रची है।
जिस तरह राज्यपाल ने जमीन समर्पित की है, इससे केंद्र सरकार की भूमिका भी जाहिर हो चुकी है। घटना से देश की धर्मनिरपेक्षता व लोकतंत्र के सामने ही चुनौती खड़ी हो गई है। पहले कश्मीरी पंडितों को बेदखल कर अपने ही देश में शरणार्थी बना दिया और अब बाबा अमरनाथ को निशाना बनाया। दरअसल कांग्रेस प्रदेश में मजहबी उन्माद पैदा कर वोट हासिल करना चाहती है।